UP News: कांग्रेस कार्यकर्ता भी जुटे एसआईआर अभियान में... प्रदेश की 403 विधानसभा क्षेत्रों में 1400 से ज्यादा प्रभारी तैनात
लखनऊ, अमृत विचार: उप्र. कांग्रेस ने भी विशेष गहन पुनरीक्षण (एआईआर) के लिए प्रदेश की 403 विधानसभा क्षेत्रों में 1400 से ज्यादा प्रभारी तैनात किए हैं। हर विधान सभा क्षेत्र में इनकी संख्या तीन से पांच के बीच होगी। वहीं, कांग्रेस का यह भी आरोप है कि एसआईआर के बहाने पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाएंगे।
ऐसे में माना जा रहा है कांग्रेस इस कोशिश में है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम निर्वाचन सूची से न कटे और गलत अपात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं। वहीं, कांग्रेस का प्रयास नये मतदाताओं के नाम भी वोटर लिस्ट में जुड़वाने का है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मंडल स्तर तक तैयार हुए संगठन को इस काम में जुटा दिया गया है। इसके अलावा हर विधान सभा क्षेत्र के प्रभावी लोगों को उनके निर्वाचन क्षेत्र में एसआईआर का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस अभियान में अब तक 5000 से ज्यादा मंडल कमेटियां बन चुकी हैं। हर 15-20 बूथ पर एक मंडल का गठन किया गया है। इन्हें भी सघन तौर पर मतदाता सूची की निगरानी के लिए निर्देश दिए गए हैं। एसआईआर में हर दिन प्रभारियों और नोडल को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
