पुराने लखनऊ में 20 धार्मिक स्थलों से उतरवाए लाउड स्पीकर, पुलिस और प्रशासन की संयुक्ट टीमों ने चलाया अभियान
आमजन की शिकायतों व सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई सख्ती
लखनऊ, अमृत विचार: धार्मिक स्थलों में तय मानक सीमा से अधिक आवाज से तेज बजाए जा रहे लाउड स्पीकरों को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरु कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के चलते और ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। अभियान के तहत 20 धार्मिक स्थलों से लाउड स्पीकर हटवाए गए है। इसके साथ ही आयोजनों में तय सीमा से अधिक आवाज पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार को पुलिस व प्रशासन की टीमों ने कई क्षेत्रों में निरीक्षण किया। लाउड स्पीकरों की आवाज मापी गई और लोगों को नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों के सहयोग से ध्वनि प्रदूषण फैला रहे लाउड स्पीकर उतरवाए। डीसीपी पश्चिम विश्चजीत श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायतों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों की पालन करते हुए ध्वनि प्रदूषण फैला रहे लाउड स्पीकरों को उतरवाया गया। आमजन की समस्या से अवगत करवाने पर लोगों ने पुलिस का सहयोग करते हुए खुद भी लाउड स्पीकर उतार दिए।
डीसीपी ने बताया कि किसी धार्मिक स्थल व आयोजनों में निर्धारित सीमा (55 डेसिबल) से अधिक आवाज से तेज लाउडस्पीकर चलाने पर पुलिस की ओर से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पुलिस प्रशासन ने बिना अनुमति लगाए गए लाउड स्पीकरों को हटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुमति प्राप्त स्थलों पर भी केवल सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति होगी।
