बरेली: प्रत्येक मंडल प्रभारी से तीन-तीन मिनट तक पूछा नाम और काम
अमृत विचार, बरेली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंडल प्रभारियों की बैठक में सीधे संवाद किया। उन्होंने सभी से नाम, काम और काया के बारे में जानकारी ली। बैठक में संगठन को बूथ स्तर मजबूत करने के लिए सुझाव भी दिया। किसी राजनीतिक चर्चा के बिना सिर्फ संगठन का विस्तार खाका तैयार करने …
अमृत विचार, बरेली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंडल प्रभारियों की बैठक में सीधे संवाद किया। उन्होंने सभी से नाम, काम और काया के बारे में जानकारी ली। बैठक में संगठन को बूथ स्तर मजबूत करने के लिए सुझाव भी दिया। किसी राजनीतिक चर्चा के बिना सिर्फ संगठन का विस्तार खाका तैयार करने के लिए पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों से चर्चा करते रहे।
सोमवार को आईएमए हाल में आयोजित बैठक में बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर व आंवला, पीलीभीत के मंडल प्रभारियों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी पंचायत चुनावों और विधानसभा के 2022 में होने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दें। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
राज्य की भाजपा सरकार द्वारा जनहित में किये गए कार्यों का लेखा-जोखा लेकर जनता से सम्पर्क व संवाद बढ़ायें। एक-एक मंडल प्रभारियों से सीधा संवाद करते हुए जानकारी लेते हुए कहा कि हमारा मंडल प्रभारी बहुत ही अनुभवी कार्यकर्ता है, सभी मंडल प्रभारियों का दायित्व है कार्यकर्ताओं का निर्माण करना व संगठन को मजबूत बनाना। मंडल प्रभारियों को कार्य विस्तार पर चर्चा करनी है। क्षेत्र के सभी वर्ग व समाज के लोगों को जोड़ना है। उनको कार्यकर्ता बनाकर भाजपा का विस्तार करना है। सप्ताह में एक बार सभी मंडल प्रभरियों को मंडल प्रवास करना है।
सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि बूथ स्तर पर हमें मजबूती के साथ कार्य करना होगा। इसके लिए मंडल प्रभारियों की जिम्मेदारी सबसे अधिक है। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा , आंवला अध्य्क्ष वीर सिंह पाल, गुलशन आनंद, संजीव प्रताप सिंह, हर्षवर्धन आर्य, अंकित माहेश्वरी, प्रतिपाल सिंह उर्फ बंटी ठाकुर, दुर्ग विजय सिंह शाक्य, निवेदिता श्रीवास्तव, संजीव प्रताप सिंह, रुद्र लक्ष्मीकांत अवस्थी, रविंद्र सिंह राठौर, संजीव शर्मा, उमेश कठेरिया, आदेश प्रताप सिंह, नीरेंद्र सिंह सहित सभी मंडल प्रभारी मौजूद रहे। इसके अलावा बदायूं की नगर पालिका अध्यक्ष दीपमाला गोयल, अमित शर्मा, विक्की भरतौल, स्वैप, तृप्ति भारद्वाज, वीरपाल गंगवार, राहुल शाहू, अंकित शुक्ल आदि ने स्वागत किया।
संघ के केशव कृपा भवन पहुंचे प्रदेशध्यक्ष
भाजपा के प्रदेशध्यक्ष मंडल प्रभारियों के बैठक में पहुंचने से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नये केशव कृपा भवन पर पहुंचे। जहां पर संघ के भवन में सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद संघ के पदाधिकारियों के वक्त गुजारा। यहां पर भाजपा के प्रदेश सह संगठन के महामंत्री कर्मवीर सिंह, संघ के विभाग प्रचारक आनंद, महानगर प्रचारक विक्रांत, त्रिवेंद्र आदि मौजूद रहे। इससे पहले सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष भाजपा नेता पुरन लाल लोधी, मेयर डा. उमेश गौतम सहित अन्य नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद संभल के जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़क के घर पहुंचे। बैठक समाप्त होने के बाद भाजपा नेता पवन मिश्र के घर पहुंचे।
संगठन के पद पर हैं तो भूल जाएं टिकट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन में सामान्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने का संकेत दिया है। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि सभी प्रकोष्ठों का गठन जल्द कर लिया जाए। किसी के पास परिवार में संगठन के दो पद नहीं होंगे। पंचायत चुनाव में भागीदारी रहेगी। अगर कोई संगठन के पद पर है तो टिकट भूल जाए। इससे साफ जाहिर होता है कि संगठन को लेकर भाजपा बेहद गंभीर है। इसके चलते तय माना जा रहा है कि पदाधिकारियों और नेताओं के बेटे और बेटियों को संगठन में अहम पद भी नहीं दिया जाएगा। भाजपा इनकी जगह पर पंचायत चुनाव में पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को जगह देने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने संकेत में बता दिया कि पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी पंचायत चुनाव को गंभीरता से लड़ने की तैयारी में है। इसके जरिए पार्टी के अधिक से अधिक निष्ठावान और समाज के प्रभावशाली कार्यकर्ताओं, नेताओं को जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ाना चाहती है। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। पुराने सक्रिय कार्यकर्ताओं को टिकट देने में प्राथमिकता दी जाएगी। महिलाओं के मामले में विधायक, सांसद और पदाधिकारियों की पत्नी, बेटी की जगह सक्रिय महिला नेत्रियों को वरीयता दी जाएगी। इससे महिलाओं को पार्टी से जोड़ने में आसानी होगी। संगठन में भी नेताओं के बेटे और बेटियों को पद न देकर भाजपा वंशवाद से दूर रहने का संदेश देना चाहती है। इस बारे में प्रदेश अध्यक्ष ने जिले के पदाधिकारियों से गंभीरता से सोचने का कहा।
