Bareilly : सभी अधिकारी मतदाता सूची को त्रुटि रहित बनाने में झोंके ताकत
बरेली, अमृत विचार। मंडलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने मंगलवार को जीआईसी सभागार में जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों और बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को लेकर समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार यहां विस्तार से ब्रीफिंग की जा रही है उसी तरह अधिकारी अपने जिले में विधानसभावार बीएलओ को बुलाकर ब्रीफिंग करें, जिससे उनकी सभी शंकाओं का निराकरण हो जाए। कहा बीएलओ के पास मतदाता सूची, रजिस्टर, एम्युनेशन फार्म हो। इसी के आधार पर मैपिंग की जानी है। गलत और नियम विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चारों जिलों के डीएम से कहा कि वह ध्यान रखें कि वीआरसी स्तर पर कोई अनियमितता न हो और हर विधानसभा का अलग-अलग वीआरसी हो। उसमें कार्य करने वालों का आई कार्ड भी जारी हो। जियो टैग वाली फोटो भी बीएलओ/सुपरवाइजर से ली जाए। पैन कार्ड और पासपोर्ट का ऑनलाइन सत्यापन भी कराया जाए, जिससे यदि कोई फर्जी दस्तावेज से मतदाता सूची में प्रवेश करने का प्रयास ना कर पाए।
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि शुद्ध निर्वाचक नामावली तैयार की जा रही है। इसके लिए 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाया है। 7 फरवरी 2026 तक यह प्रक्रिया सम्पन्न होगी। बीएलओ को हाउस टू हाउस सर्वे करना है, प्रपत्र बांटना है और फिर उसे कलेक्ट करने के बाद मौके पर भौतिक सत्यापन करना है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी एईआरओ आवंटित 100 बूथों पर जाएंगे और बीएलओ के कार्यों की समीक्षा कर सत्यापन करेंगे। डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर बीएलए की तैनाती के लिए कहा।
डीएम बदायूं अवनीश राय ने कहा कि हमारे कार्यों में स्क्रूटनी कई स्तर से हो रही है। जिससे मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध और त्रुटि रहित हो सके। डीएम पीलीभीत ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि पुनरीक्षण के कार्य में हमारे कुछ बीएलओ कमजोर भी होंगे उन्हें मदद भी देनी होगी। जब कोई समस्या आए तो लेखपाल, ग्राम सचिव और गांव का चौकीदार मददगार साबित होंगे। एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एक बीएलओ को कम से कम तीन बार प्रत्येक मतदाता के यहां जाना है यदि एक बार घर गया और कोई नहीं मिला तो दोबारा जाकर फार्म देना है अन्यथा तीसरी बार भी जाना है तब भी यदि कोई नहीं मिलता है तो घर पर चस्पा करने का भी प्राविधान है। फिर जाकर भरा हुआ फार्म वापस लेना है और रिसीविंग देना है। बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन प्रीति जायसवाल, सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, संयुक्त मजिस्ट्रेट इशिता किशोर, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम नगर सौरभ दुबे, एडीएम न्यायिक देश दीपक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
