दिल्ली कार धमाके में मरने वालों में यूपी के पांच लोग... परिवारों में पसरा मातम, बेहाल हुए परिजन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

इनमें अमरोहा के दो, श्रावस्ती के एक, शामली और मेरठ के एक-एक लोग शामिल हैं

लखनऊ, अमृत विचार: दिल्ली में सोमवार को लाल किला मेट्रो स्टेशन के करीब कार में हुए धमाके में जान गंवाने वालों में से पांच लोग यूपी के रहने वाले थे। इन पांच लोगों में दो अमरोहा जिले के अशोक, लोकेश, मेरठ के मोहसिन, श्रावस्ती के दिनेश और शामली के नोमान हैं। पुलिस की सूचना पर इनके परिजन दिल्ली पहुंचे, शवों को उनके-उनके घर यूपी पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई।

श्रावस्ती निवासी एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर के माजरा चिकनी पुरवा निवासी दिनेश मिश्रा (31) पुत्र भूरे मिश्रा दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। उसकी पत्नी बच्चों के साथ गांव पर रहती है। सोमवार शाम दिल्ली के लाल किला के सामने हुए ब्लास्ट में दिनेश मिश्रा की मौत हो गई। यह सूचना गांव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी मातम छा गया है।

डीएम अश्वनी पाण्डेय व एसपी राहुल भाटी ने सोमवार देर रात किया नेपाल बॉर्डर व प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिरसिया थाना क्षेत्र के चिलहरिया मोड़, सुईया बॉर्डर सहित संवेदनशील स्थानों पर जाकर सुरक्षा व्यवस्था जायजा का लिया। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। एसपी ने जिलेवासियों से अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखे तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। सभी थाना व चौकी प्रभारी को अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर चेकिंग अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया गया है। पुलिस को सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, धार्मिक स्थलों पर निरंतर गश्त करने के निर्देश भी दिए गए है।

शामली के झिंझाना निवासी 22 वर्षीय नोमान अंसारी कस्बे में कॉस्मेटिक सोमवार शाम वह अमन के साथ सामान खरीदने दिल्ली गया था। पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के बाद वहां से निकल रहे थे कि इस दौरान तेज धमाका हुआ, जिसमें उसकी मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर घायल हो गया। वहीं, मेरठ के न्यू इस्लामनगर गली नंबर-28 निवासी मोहसिन पुत्र रफीक दो साल पहले पत्नी सुलताना दो बच्चों के साथ दिल्ली में जामा मस्जिद स्थित पत्ता मोहल्ले में किराये के मकान में रहता था। सोमवार को ई रिक्शा चलाने के लिए गया था। शाम को एक कार में धमका हुआ, जिसकी चपेट में मोहसिन भी आ गया था और उसकी मौत हो गई। वहां पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव को लेकर मेरठ आ गए। वहीं, श्रावस्ती के दिनेश कुमार की भी मौत हुई है। वह अपने पीछे पत्नी रीना और तीन बच्चों (एक बेटा हिमांशु आठ वर्ष, दो बेटियां बिट्टा सात व सृष्टि चार वर्ष) को छोड़ गया।

दो मित्रों की गई जान

अमरोहा के हसनपुर निवासी खाद विक्रेता लोकेश अग्रवाल दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती अपनी समधन शशि अग्रवाल का हाल जानने वहां पहुंचे थे। दिल्ली पहुंचने पर लोकेश ने दिल्ली में रह रहे अपने दोस्त अशोक को फोन करके लाल किला मेट्रो स्टेशन बुला लिया था। वहां से दोनों को सर गंगा राम अस्पताल जाना था लेकिन, इस दौरान धमाका होने से दोनों की जान चली गई। लोकेश ने अपने पीछे बेटे गौरव, सौरभ और बेटी दिव्या को छोड़ा है।

संबंधित समाचार