Bareilly: ठिरिया खेतल के पास सीएनजी लीक से मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। मंगलवार दोपहर ठिरिया खेतल गांव के पास हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कैंटर से अचानक सीएनजी गैस का तेज रिसाव होने लगा। जानकारी के मुताबिक चालक वीरपाल चौबारी रामगंगा से सीएनजी भरी कैंटर लेकर रामपुर के जैन पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर ठिरिया खेतल के पास अचानक सिलेंडर से एक पाइप निकल गया और गैस का तेज बहाव शुरू हो गया।

गैस की गंध और आवाज से घबराए राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार की पुलिस टीम ने हाईवे पेट्रोलिंग टीम के साथ मिलकर ट्रैफिक रोक दिया, वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति पर काबू पाया। इस बीच चालक ने समझदारी दिखाते हुए गाड़ी को सड़क किनारे रोककर दूर हट गया। आसपास मौजूद पेट्रोल पंप कर्मियों और ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए सिलेंडर का वॉल्व बंद किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि गैस पूरी तरह निकल जाने से किसी प्रकार की जनहानि या आग लगने की घटना नहीं हुई।

 

संबंधित समाचार