Lucknow News: फंदे पर लटके युवक को सिपाहियों ने बचाया, होंगे सम्मानित

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मोहनलालगंज, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के कुढ़ा में पत्नी से विवाद के बाद मंगलवार सुबह नशे में युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। छत के कुंडे में साड़ी बांधकर खुदकुशी करने लगा। भाई ने शोर मचाते हुए मोहनलालगंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने दरवाजा तोड़कर युवक को उतारा। सीपीआर देकर उसकी जान बचा ली। एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडेय ने पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की बात कही है।

एसीपी ने बताया कि मजदूर गुड्डू (32) मंगलवार सुबह नशे की हालत में घर आया तो उसकी पत्नी से विवाद हो गया। इससे बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। भाई विशाल ने आवाज दी लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। उसने कमरे की खिड़की से झांक कर देखा तो गुड्डू आलमारी पर चढ़कर खुदकुशी करने के लिए छत के कुंडे से साड़ी बांध रहा था। बिना देर किए भाई ने डॉयल-112 पर 10:15 बजे सूचना दी। महज दो मिनट पर सिपाही किशन जायसवाल व सत्येन्द्र मौके पर पहुंच गए। दरवाजे का कुंडा तोड़कर पुलिसकर्मी घुसे। सीपीआर देने से उसकी जान बच गई।

पुलिस गुड्डू, उसकी पत्नी व भाई को मोहनलालगंज कोतवाली लेकर आई। जहां दरोगा ने काउंसलिंग की। इसके बाद गुड्डू ने किसी समस्या या परेशानी होने पर भविष्य में खुदकुशी न करने का आश्वासन देने के साथ पुलिस को सूचना देने की बात कही।

संबंधित समाचार