कुराश प्रतियोगिता में सहारनपुर बना विजेता: शिक्षा निदेशक ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, बाराबंकी बना प्रदेश का आदर्श जनपद

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। वर्तमान सरकार खेलों और खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। पहली बार प्रदेश को सात राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने का अवसर मिला है। वह दिन दूर नहीं जब हमारे माध्यमिक विद्यालयों के बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराएंगे। यह बातें शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेन्द्र देव ने बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज बाराबंकी के ऑडिटोरियम में आयोजित 69वीं विद्यालयीय प्रदेशीय कुराश प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। 

कार्यक्रम के प्रारंभ में निदेशक डॉ. महेन्द्र देव, संयुक्त शिक्षा निदेशक (अयोध्या मंडल) योगेन्द्र कुमार सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 11 मंडलों के कुल 321 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बालक वर्ग में सहारनपुर मंडल ने विजेता होने का गौरव प्राप्त किया, जबकि वाराणसी मंडल उपविजेता रहा। 

बालिका वर्ग में भी सहारनपुर मंडल ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया और मेरठ मंडल उपविजेता बना। शिक्षा निदेशक डॉ. महेन्द्र देव और संयुक्त शिक्षा निदेशक योगेन्द्र कुमार सिंह ने कुराश प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल का शुभारंभ कराया। निर्णायक की भूमिका अंतरराष्ट्रीय रेफरी विक्रांत कुमार, मंजू न्याल और अंतरिक्ष सैनी ने निभाई। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को गणपति एग्रो टेक प्रा. लि., अंकुर ट्रेड्स और हर्बोकेम इंडस्ट्रीज की ओर से एक-एक टी-शर्ट और प्रतिभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। 

साथ ही, टीम मैनेजरों और कोचों को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के रूप में अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) और संयुक्त शिक्षा निदेशक (अयोध्या मंडल) को स्मृति चिन्ह और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन नेशनल इंटर कॉलेज के प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया। 

कार्यक्रम में वित्त एवं लेखाधिकारी (माध्यमिक) संतोष मौर्य, प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी, पीईएस एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष अर्चना पांडेय, शिक्षक महासभा के अध्यक्ष सतीश कुमार, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राधेश्याम, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या नंदिता सिंह, उपप्रधानाचार्या पूनम सिंह, तौहीद खान, अरविंद प्रकाश त्रिपाठी समेत कई प्रधानाचार्य और व्यायाम शिक्षक उपस्थित रहे।

नवाचार मिशन को सराहा

निदेशक डॉ. महेन्द्र देव ने कहा कि मिशन पहचान के रूप में जनपद बाराबंकी ने शैक्षिक गुणवत्ता के उन्नयन का जो अभियान चलाया है, वह निश्चित रूप से पूरे प्रदेश में एक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। इस नवाचार से बाराबंकी प्रदेश का आदर्श जनपद बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे 2026 की बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पूरी लगन से तैयारी करें। कोई भी छात्र या छात्रा कमतर नहीं होता, बस उन्हें उचित मार्गदर्शन और दिशा देने की आवश्यकता होती है।

ये भी पढ़े : 
हरदोई में पुलिस लाइन में चोरी: सरकारी क्वार्टर से चोरों ने उड़ाया लाखों का माल, SP समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित 

संबंधित समाचार