डाक प्रशासन का सख्त संदेश...24 घंटे में करना होगा उपभोक्ता की समस्या का निवारण, बनीं हेल्प डेस्क
लखनऊ, अमृत विचार: डाक विभाग में लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की शिकायत का निस्तारण 24 घंटे के भीतर ही किया जाए। यदि निर्धारित समय में समाधान नहीं होता है तो संबंधित कर्मचारी को देरी का कारण बताना अनिवार्य होगा।
उपभोक्ता किसी भी हालत में परेशान न होने पाएं। इस सिलसिले में डाक विभाग ने हेल्पडेस्क बनाई है। यही नहीं डाक प्रशासन ने भ्रष्टाचार में लिप्त अयोध्या के एक कर्मचारी को घूसखोरी के आरोप में निलंबित कर सख्त संदेश दिया है। इस कार्रवाई के बाद अन्य कर्मचारियों को भी सख्त चेतावनी दी गई है कि सेवा कार्य में लापरवाही या अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
9451481919 हेल्पलाइन से करें शिकायत
डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई कर्मचारी रिश्वत मांगता है, काम करने से मना करता है या किसी प्रकार की अनियमितता करता है तो इसकी जानकारी सीधे विभाग की हेल्पलाइन नंबर 9451481919 पर दें। शिकायत व्हाट्सऐप संदेश या कॉल के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती है। शिकायत मिलने के बाद विभाग की विशेष टीम तुरंत कार्रवाई करेगी।
शिकायतों का निस्तारण रिकॉर्ड
डाक प्रशासन के अनुसार अक्टूबर माह में कुल 3097 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 3035 शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर कर दिया गया। यह व्यवस्था विभाग की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।
प्रशासन का दावा
शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया को डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम से जोड़ा गया है। इससे किसी भी स्तर पर शिकायत लंबित रहने पर तत्काल अलर्ट जारी हो जाता है। उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना हमारा प्रयास है और हम इसके लिए प्रतिबद्ध है।-सुनील राय, पीजीएम लखनऊ
