लखनऊ में नशे में धुत महिला ने की पुलिसकर्मियों से अभद्रता...दो महिला सिपाहियों को काटा, फाड़ी दरोगा की वर्दी
लखनऊ, अमृत विचार : बासमंडी चौराहे पर देर रात एक संदिग्ध कार को रोकने पर नशे में धुत महिला ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। दरोगा की वर्दी फाड़ दी और दो महिला सिपाहियों को दांत से काट लिया। बाद में कोतवाली ले जाने पर उसने चप्पल से हमला कर दोनों सिपाहियों को पीटा। पुलिस ने आरोपी महिला व उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त निरीक्षक के अनुसार, उपनिरीक्षक अमजद अली 10 नवंबर को हमराह सिपाहियों अशोक और अनूप के साथ गश्त पर थे। बासमंडी चौराहे पर संदिग्ध कार में तीन पुरुष व एक महिला शराब पीते मिले। टोकने पर महिला मानसी पांडेय ने दरोगा से गाली-गलौज की और वर्दी उतरवाने की धमकी दी।
सूचना पर महिला हेड कांस्टेबल रानी वर्मा, शशि देवी, कांस्टेबल किरन व फरहीन रिजवी मौके पर पहुंचीं। महिला पुलिस के रोकने पर मानसी ने दरोगा का कॉलर पकड़कर वर्दी फाड़ दी और सिपाहियों के हाथ पर दांत से काट लिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस चारों को पकड़कर कोतवाली लाई।
कोतवाली में भी आरोपी महिला ने दोबारा चप्पल से हमला किया। पुलिस ने घायलों को बलरामपुर अस्पताल भेजा। आरोपियों की पहचान मानसी पांडेय निवासी एलडीए कॉलोनी आशियाना, अतुल जोशी निवासी छत्तीसगढ़ हालपता मुंबई, गौरव शुक्ला निवासी अरावली मार्ग इंदिरानगर और शुभम पटेल निवासी मुंबई के रूप में हुई। चारों के खिलाफ मारपीट, हमला, गाली-गलौज, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पहले भी हुए हैं खाकी पर हमले
29 मई : स्टेडियम चौकी में तैनात सिपाही अर्जुन चौरसिया को पीटा, की तोड़फोड़।
24 मई : तालकटोरा में सिपाही अमित कुमार को सड़क पर दौड़ाकर पीटा, फाड़ी वर्दी, एमडीटी सेट छीनने का प्रयास।
16 मई : पारा में पीआरवी 6370 पर तैनात सिपाही माजिद को पीटा, दांत से काटा अंगूठा।
26 अप्रैल : सुशांत गोल्फ सिटी में ट्रैफिक सिपाही पंकज कुमार को पीटा, गिरेबान पकड़ा।
29 मार्च : नाका में दरोगा देवेंद्र सिंह को पीटा, फाड़ी वर्दी।
06 मार्च : पारा में विवादित निर्माण रुकवाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही पूजा को काटा दांत।
07 जनवरी : पारा में दरोगा राज सोनकर व सिपाही मोहित पर हमला कर फाड़ी वर्दी।
