अयोध्या में आज होगी नगर निगम सदन की बैठक... गूंजेगा पार्षद निधि न मिलने का मुद्दा, इन प्वाइंट्स पर होगी चर्चा
अयोध्या, अमृत विचार: नगर निगम की सदन की बैठक में रविवार को पार्षद निधि न मिलने का मुद्दा जोर-शोर से उठेगा। गांधी सभागार में दोपहर 12 बजे महापौर गिरीशपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में 60 वार्डों के पार्षद शामिल होंगे। खास बात यह है कि इस बार पार्षदों को बैठक से पहले कोई एजेंडा नहीं दिया गया। बिना एजेंडे के बैठक होने से असंतोष बढ़ गया है।
भाजपा पार्षद चंदन सिंह ने बताया कि 25 नवंबर को राम मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ध्वजारोहण समारोह पर चर्चा होगी, लेकिन मुख्य मुद्दा पार्षद निधि का रहेगा। पीएम स्वनिधि वेंडर्स के आवंटित ठेले निरस्त करने की मांग भी रखी जाएगी।
पार्षद सूर्या तिवारी ने कहा कि अयोध्या कैंट क्षेत्र में सबसे ज्यादा कर वसूली के बावजूद विकास ठप है। कैंट के विकास को लेकर सवाल उठाएंगे। सदन में यह मुद्दा प्रमुखता से आएगा। उन्होंने कहा कि 11 महीने पहले पार्षद निधि देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सिर्फ लॉलीपॉप थमाया जा रहा है। हम सभी पार्षद निधि की मांग करेंगे, ताकि वार्डों में विकास कराया जा सके। अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि बैठक के नोडल सीटीओ हैं। बैठक में एजेंडा महापौर की अनुमति से जारी होगा। पुलिस और मजिस्ट्रेट की मांग हर बैठक में रूटीन है।
