UP : आजम के पैन कार्ड मामले में आज आ सकता है फैसला, एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही सुनवाई
रामपुर, अमृत विचार। सपा नेता आजम खां के एक और पैनकार्ड मामले में आज फैसला आ सकता है। जिस पर सभी सपाइयों और विरोधियों की निगाहें लगी हुई हैं। दोनों पक्षों की बहस पूरी हो चुकी है। आजम को राहत मिलेगी या फिर से उनके और परिवार की मुसीबतें बढ़ेगी यह बात फैसले के बाद तय होगी।
दो पैनकार्ड से जुड़े मामले में भाजपा के शहर विधायक आकाश सक्सेना ने छह साल पहले थाना सिविल लाइंस में शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा विधायक ने अब्दुल्ला के अलग-अलग जन्मतिथि से दो पैन कार्ड बनवाने का आरोप लगाया। जिसमें कहा था कि असत्य एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पैन कार्ड बनवाया गया। उसके बाद उसका उपयोग में भी लाया गया था। एक पैनकार्ड में जन्म तिथि 1 जनवरी 1993 है। दूसरे में जन्म तिथि 30 सितंबर 1990 दर्ज है।
पुलिस ने जांच पूरी करके आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिए थे। जिसमें आजम खां भी आरोपी हैं। मौजूदा समय में इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में हो रही है। पिछली तारीखों पर दोनों पक्षों की बहस पूरी हो चुकी है। जिसके बाद कोर्ट ने फैसले के लिए सोमवार की तारीख नियत की है। यह देखना है कि आजम खां की परेशनियां कम होंगी या फिर उनके लिए सोमवार का दिन मुसीबत भरा होगा।
