Moradabad : पहले से ही महंगी थाली का बजट 15 दिन में और बढ़ा, आमजन परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बेमौसम बारिश व खराब फसलों का असर आम आदमी की थाली पर दिख रहा है। पहले से ही महंगी थाली का बजट 15 दिन में और बढ़ गया है। इससे आमजन परेशान हैं। हाल यह है कि सर्दी के मौसम में घरों में जहां हरी सब्जियां थाली से गायब हैं। वहीं, टमाटर व धनिया की बढ़ती कीमतों ने लोगों का स्वाद बिगाड़ दिया है।

सर्दी में मौसमी सब्जियां खूब उपलब्ध होती थी, लेकिन इस बार सब्जियां आमजन की थाली से दूर हैं। पालक, मेथी, मूली से लेकर हरी धनिया के दाम आसमान छू रहे हैं। गोविंद नगर सब्जी मंडी में विक्रेता सुनील सैनी ने बताया कि है कि बीते माह में हुई बेमौसम बारिश सब्जियों की बढ़ी कीमतों की मुख्य वजह है। मोंटी ने बताया कि बारिश के कारण स्थानीय सब्जियां अभी तक मंडी नहीं पहुंच रही हैं। इससे ज्यादातर सब्जियों की आवक बाहर से हो रही है। नवंबर की शुरुआत से थोक मंडी से लेकर फुटकर दुकानों में आम आदमी को बढ़ी हुई कीमतों में सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं। 

रविवार को कटघट छोटी सब्जी मंडी में लोगों ने बताया कि सब्जी की कीमतें आसमान छू रहीं हैं। इससे उनका बजट बिगड़ रहा है। खरीदार नीलू ने बताया कि सर्दी शुरु होते ही सब्जियां सस्ती हो जाती थीं। लेकिन, इस बार तो जैसे उनमें आग सी लगी है। धनिया, टमाटर जैसी चीजें बजट बिगाड़ रहे हैं। गरीब व मध्यम वर्ग का सारा बजट रसोई में ही खर्च हो जाता है। साक्षी गौतम ने बताया कि सब्जी खरीदना आम लोगों के बाहर हो गया है। चार लोगों के परिवार के लिए एक दिन में सब्जी का खर्च दो सौ रुपये तक आता है। टमाटर, गोभी, पालक व मेथी के दाम बीते वर्ष की तुलना में तीन गुने से ज्यादा है। वहीं आलू भी लोगों की पहुंच से दूर दिखाई देने लगा है।


15 दिनों में सब्जियों के दामों में अंतर
सब्जी             अब             15 दिन पहले
आलू              20                         16
टमाटर           70                         35
गोभी             70                         60
बैगन             50                         35
परवल          120                        90
शिमला मिर्च  80                         60
मूली             50                         60
धनिया        200                         150
मटर           180
नया आलू     30

संबंधित समाचार