पंच परिवर्तन : गृह सम्पर्क अभियान शुरू करेगा आरएसएस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (ज्वाइन आरएसएस) की ओर से रविवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पीओसीटी सभागार में समाज जागरण में पंच परिवर्तन विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त प्रचार प्रमुख डा.अशोक दुबे,श्याम त्रिपाठी व ज्वाइन आरएसएस के प्रान्त प्रमुख अजय जोशी ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि कर किया। 

इस अवसर पर पत्रकारों और सोशल मीडिया प्रभावक का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त प्रचार प्रमुख डा.अशोक दुबे ने पंच परिवर्तन के विषय सामाजिक समरसता,कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण,स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्य विषय पर विस्तार से चर्चा की। डा.अशोक दुबे ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण हो गये हैं। शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन के विषय को लेकर संघ कार्यकर्ता समाज के बीच जायेंगे। इस दौरान संघ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। महानगरों से लेकर सुदूर गाँवों के सभी स्थानों तथा समाज के सभी वर्गों तक पहुँचने का लक्ष्य संघ ने लिया है। डा.अशोक दुबे ने पंच परिवर्तन के विषय को अपने जीवन में उतारने का आग्रह किया। कार्यक्रम के संयोजक अजय जोशी ने बताया कि शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन के संकल्प के साथ अनेक आयोजन संगठन की ओर से तय किये गये हैं। उनमें से पंच परिवर्तन के विषय को लेकर यह कार्यक्रम किया गया है। कार्यक्रम का संचालन प्रान्त बाल कार्य प्रमुख आशुतोष ने किया। कार्यक्रम में राकेश उपाध्याय एडवोकेट, बृजनन्दन राजू,भाग शारीरिक प्रमुख संजय,डा.मयंक,सौरभ शुक्ला, श्रेयश अग्रवाल, दिवाकर सिंह और मधुकर पाण्डेय, विजय मिश्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार