मात्र 40 दिनों में उत्तर प्रदेश में दिखेगी ऐतिहासिक विकास की तस्वीरें... विजन डॉक्यूमेंट का रोड मैप भी तैयार
इस दौरान प्रधानमंत्री का भी यूपी में लगेगा सिलसिलेवार दौरा। किस किस क्षेत्र में होगा विकास, समीक्षा व प्रतिक्रिया।
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में आने वाले मात्र 40 दिनों में विकसित राज्य की ऐतिहासिक की तस्वीरें नजर आने लगेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी सिलसिलेवार दौरा यूपी में लगेगा। प्रधानमंत्री आने वाले दिनों में नोयडा, अयोध्या, वाराणसी और लखनऊ का दौरा कर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं।
दरअसल, दिसंबर तक उत्तर प्रदेश में कई विकास परियोजनाएं पूरी होने वाली हैं या हो जाएंगी। इनमें पर्यटन स्थलों पर 156 लंबित परियोजनाओं को पूरा करना, आगरा मेट्रो के पहले कॉरिडोर का निर्माण और कई अन्य विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा, विकसित यूपी-2047 के लिए विजन डॉक्यूमेंट का रोडमैप भी इसी महीने तैयार हो जाएगा, जो भविष्य की योजनाओं को दिशा देगा।
जिन विकास योजनाओं की तस्वीरें स्पष्ट रूप में सामने आने वालीं हैं उनमें पर्यटन स्थलों, जैसे कि वाराणसी, मथुरा, प्रयागराज और अयोध्या में 156 लंबित परियोजनाओं को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, आगरा मेट्रो के पहले कॉरिडोर का काम भी दिसंबर तक पूरा होना है। कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर से जुड़ा एक और दो का काम भी वर्ष के अंत तक पूरा होने की संभावना है।
इधर, विकसित यूपी-2047 के लिए विजन डॉक्यूमेंट का रोडमैप दिसंबर तक तैयार होना, जिस पर 15 दिसंबर तक काम पूरा होने का उम्मीद है। नवंबर अंत तक, 300 करोड़ रुपये के इनवेस्टमेंट से एक एथेनॉल फैक्ट्री शुरू होने वाली है, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। इस बीच राज्य सरकार 20 विभागों में 95 प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भी तेजी से पूरा करने पर फोकस कर रही है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भी शीघ्र
उधर, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन भी अब कुछ ही हफ्तों में हो जाएगा। देश के सबसे हाईटेक एयरपोर्ट्स में शामिल होने जा रहा यह प्रोजेक्ट न केवल दिल्ली-एनसीआर की हवाई यात्रा को नया आयाम देगा, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी गति देगा। सूत्रों के मुताबिक, अगर सबकुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो एयरपोर्ट का लोकार्पण प्रधानमंत्री नवंबर के आखिर या दिसंबर के पहले हफ्ते में कर देंगे।
