Amethi News: तेज रफ्तार का कहर... सड़क हादसे में बाइक की टक्कर से नौ वर्षीय बच्चे की मौत
अमेठी, अमृत विचार। मुंशीगंज थाना क्षेत्र के सुमेरपुर के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई। तेज़ रफ़्तार मोटरसाइकिल ने दुकान से सामान लेकर पैदल घर लौट रहे मासूम को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान ऋषभ शर्मा (9 वर्ष), पुत्र आशीष शर्मा, निवासी ग्राम मनीरामपुर रविवार शाम करीब 6 बजे, मुंशीगंज थाना क्षेत्र के सुमेरपुर के पास दुकान से सामान लेकर पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान, पीछे से तेज़ रफ़्तार से आ रहे मोटरसाइकिल सवार विनोद उर्फ खबरी (पुत्र रामदुलारे, निवासी सुमेरपुर) ने उसे ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऋषभ गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को आनन-फानन में जिला अस्पताल सुल्तानपुर ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रात में परिजन शव को घर ले आए। सोमवार सुबह 9 बजे परिजनों ने मुंशीगंज कोतवाली में आरोपी चालक के खिलाफ नामजद तहरीर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना इंचार्ज राजकुमार सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की गहन जांच जारी है। इस दुखद हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। नौ वर्षीय बेटे की मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में भी इस घटना के बाद शोक की लहर फैल गई है
