सीएम ग्रिड : बजट जारी...मगर नहीं शुरू हो सके दूसरे चरण के कार्य
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के तहत निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिलने पर शहर की सड़कें स्मार्ट होने के साथ ही अन्य सुविधाओं को पंख लगने की उम्मीद जगी थी, लेकिन नगर निगम की सुस्त कार्य प्रणाली इस मंशा को पलीता लगा रही है। इस कार्य के लिए 35 करोड़ का बजट भी जारी होने के बाद भी दूसरे चरण का कार्य आरंभ नहीं हो सका है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत कोहाड़ापीर से कुदेशिया मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम प्रस्तावित है। इस कार्य को करने के लिए गाजियाबाद की एजेंसी को ठेका भी दे दिया गया है, लेकिन कार्य आरंभ नहीं किया गया है, जबकि बीते दिनों बरेली नगर निगम में आई शासन की तकनीकी टीम ने समय पर कार्य आरंभ करने की बात कही थी।
योजना के तहत इस मार्ग को आधुनिक शहरी स्वरूप देने, पैदल पथ, हरियाली, स्ट्रीट लाइट और समुचित चौड़ीकरण की व्यवस्था होनी थी। इससे जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाती और आवागमन सहज हो जाता, लेकिन सीएम ग्रिड योजना के दूसरे फेज के प्रोजेक्ट की धीमी रफ्तार से लोगों का धैर्य टूटने लगा है।
पहले चरण में लोग झेल रहे दुश्वारियां
सीएम ग्रिड के पहले चरण के लिए मॉडल टाउन से लेकर डीडीपुरम इलाके लंबे समय से कार्य किया जा रहा है। इस कार्य को पूर्ण होने की समय सीमा भी आगामी जनवरी तक निर्धारित है, लेकिन जिस प्रकार से सड़क खुदाई और अधूरे पड़े निर्माण कार्य अभी जारी हैं, इससे आगामी 6 माह तक भी कार्य पूर्ण होने की संभावना नहीं है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सीएम ग्रिड के कार्यों को समय पर आरंभ करने के निर्देश एजेंसी को दिए गए हैं। तय समय सीमा में कार्य पूरे न होने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
