Bareilly: सूडानी और नाइजीरियन छात्रों ने वीजा विस्तार आवेदन में किया फर्जीवाड़ा...खुफिया जांच में खुला मामला तो FIR
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले विश्वविद्यालय में एक नाइजीरियन छात्र ने वीजा विस्तार के लिए फर्जीवाड़ा कर डाला। फर्जी दस्तावेज लगाकर वीजा विस्तार के लिए आवेदन कर दिया। पता चला कि आरोपी छात्र ने जाली दस्तावेज बनवाने में दक्षिण सूडान के एक छात्र की मदद भी ली। मामला खुफिया विभाग की जांच में मामला खुला तो दोनों विदेशी छात्रों पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
दरअसल पुलिस को जानकारी मिली थी कि नाइजीरिया का छात्र युसूफ बाला मुस्तफा सिटी यूनिवर्सिटी लुधियाना, पंजाब में 31 जानवरी 2025 को बीसीए में प्रवेश लिया था। इसी छात्र ने बाद में बरेली आकर 19 जुलाई 2025 को रूहेलखंड यूनिवर्सिटी के बीएमएस प्रथम वर्ष में भी प्रवेश ले लिया। छात्र यूसुफ का वीजा 23 दिसंबर 2024 से 22 दिसंबर 2025 तक ही वैध है। लिहाजा वीजा की अवधि बढ़वाने के लिए यूसुफ ने आवेदन किया। आवेदन की जब खुफिया जांच हुई तो पता चला कि युसूफ बाला मुस्तफा ने सिटी यूनिवर्सिटी लुधियाना पंजाब से रूहेलखंड यूनिवर्सिटी में प्रवेश लेते वक्त एफएआरआरओ ( विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) अमृतसर से स्थानांतरण पंजीकरण प्रमाण/अनुमोदन प्रमाण पत्र नहीं लिया गया।
मगर छात्र ने जब वीजा विस्तार के लिए आवेदन किया तो एफआरआरओ का जाली पंजीकरण प्रमाण पत्र आवेदन के साथ अपलोड कर दिया। छात्र से जब पूछताछ हुई तो पता चला कि इस फर्जीवाड़े में सिटी यूनिवर्सिटी पंजाब में पढ़ रहे दक्षिण सूडान के छात्र अयूब अली ने उसकी मदद की। अब रूहेलखंड चौकी इंचार्ज ने दोनों छात्रों के खिलाफ विदेशी एवं आप्रवासन अधिनियम 2025 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
