बाराबंकी : किसान की हत्या कर पुआल में छिपाया शव, भाई की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। किसान की गला दबाकर हत्या कर उसका शव पुआल के ढेर में छिपा दिया गया। कपड़ों पर लगी मिट्टी व मुंह से निकला खून बता रहा कि मृतक ने जान बचाने की पूरी कोशिश की। खबर फैलते ही ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए। सोमवार रात किसान घर से बाहर निकला था। पुलिस ने भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मीननगर निवासी राजमल यादव (45) सोमवार को अपने भाई लालजी के घर हुए ढोल पूजन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ और घर पर अकेला था। रात करीब 11 बजे पत्नी के घर लौटने पर उसने पानी मांगा और शौच के लिए निकल गया, पर वह देर रात तक वापस नहीं लौटा।

सुबह ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह मीरनगर–बड्डूपुर मार्ग पर महंत कुटी के निकट पुआल के ढेर के पास शव देखा, जिसकी पहचान राजमल के रूप में की। उसके गले पर नुकीली वस्तु से वार के निशान किया गया था, वहीं हाथ की अंगुली क्षतिग्रस्त मिली। शर्ट के बटन खुले व पास में चप्पल व प्लास्टिक का लोटा भी मिला।

आशंका है कि राजमल की गला दबाकर हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया, क्योंकि पीठ पर धूल-मिट्टी लगी थी। ग्रामीणों ने बताया कि राजमल मेहनती और सरल स्वभाव का व्यक्ति था तथा किसी से कोई विवाद नहीं था।

वह करीब छह बीघा कच्ची भूमि का काश्तकार था और खेती-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी सीतापति, पुत्र शिवराज उर्फ प्रिंशू और विवाहित पुत्री नैन्सी शामिल हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की व फारेन्सिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

वहीं शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीओ जगतराम कनौजिया तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। 

संबंधित समाचार