बाराबंकी : एसआईआर में लापरवाही पर 3 बीएलओ निलंबित, 82 का वेतन रोका
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने की कार्रवाई
बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान 2026 की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने निर्वाचन कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ा रुख अपनाया। ड्यूटी में रुचि न लेने, गणना प्रपत्र वितरण में शिथिलता और निर्वाचन निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर 3 बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा 82 बीएलओ का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य राष्ट्रीय दायित्व है। इसकी अवहेलना किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी। जो भी बीएलओ शिथिलता बरतेंगे, उनके खिलाफ निलंबन से लेकर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में ड्यूटी न करने वाले बीएलओ में विकासखंड मसौली के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़ागांव बालक की सहायक अध्यापक सीमा वर्मा, विकासखंड पूरेडलई के कम्पोजिट विद्यालय कमियार के सहायक अध्यापक देवाशीष और प्राथमिक विद्यालय बघौरा की सहायक अध्यापक अनीता रावत शामिल हैं। इसके साथ ही 20 शिक्षामित्रों, 44 सहायक अध्यापकों और 18 अनुदेशकों का वेतन रोक दिया गया।
डीएम ने जनता से अपील की कि मतदाता गणना प्रपत्र सही-सही भरकर समय पर बीएलओ को अवश्य लौटाएं, ताकि किसी योग्य नागरिक का नाम सूची से छूट न पाए। उन्होंने सभी मतदाताओं, जनप्रतिनिधियों, पर्यवेक्षकों और बीएलओ से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की भी अपील की।
प्रपत्र भरने में आई तेजी, स्थानीय वासियों का भी सहयोग
भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत नगर क्षेत्र में मतदाताओं के मध्य गणना प्रपत्र वितरण का काम तेजी पर है। नगर के वार्ड भितरी व पूर्वी पीरबटावन में बूथ लेवल अधिकारी द्वारा गणना प्रपत्रों का वितरण इस समय जोरों पर है। इनके सहयोग में स्थानीय वरिष्ठ नागरिक दयाशंकर श्रीवास्तव, राजकुमार गुप्ता, श्रीकांत गुप्ता के अलावा सभासद अकील अंसारी व ताज बाबा राइन आदि आमजन को एसआईआर फार्म भरने को लेकर किए जा रहे सवालों का जवाब देने में जुटे हैं।
वहीं इनके द्वारा लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है। नगर पंचायत क्षेत्र में अधिकाधिक मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म भरने के लिए बीएलओ तैनात किए गए हैं। प्रत्येक बीएलओ अपने आवंटित क्षेत्र में भ्रमण कर आधार कार्ड, वोटर आईडी व अन्य आवश्यक अभिलेखों की मौजूदगी में प्रपत्र भरवा रहे हैं। फॉर्म भरने के बाद उसकी हस्ताक्षरित प्रति आवेदक को उपलब्ध कराई जा रही है। बता दें कि प्रपत्र भरने में आमजन के बीच दुविधा भी है, जिसे दूर करने के लिए उनका सहयोग किया जा रहा ताकि प्रपत्र भरने में किसी तरह की त्रुटि न हो सके।
