गोंडा : रिंग रोड निर्माण की आड़ में खनन कर रही पोकलैंड व 7 डंपर सीज, खनन विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाबगंज/गोंडा, अमृत विचार। रिंग रोड निर्माण का हवाला देकर अवैध मिट्टी और बालू उत्खनन कर रहे खनन माफिया पर खनन विभाग और पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। मंगलवार देर शाम जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र के गोकुला गांव में छापा मारकर अवैध खनन में लगी पोकलैंड मशीन और सात डम्फरों को  पकड़ लिया है।

जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन ने बताया कि विभाग को लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि रिंग रोड परियोजना की आड़ में बड़े पैमाने पर मिट्टी और बालू की चोरी की जा रही है। शिकायतों की पुष्टि होने पर संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोकुला गांव के खनन स्थल पर दबिश दी।

डॉ. रंजन ने कहा कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का उत्खनन खनन नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इससे शासन को राजस्व हानि होती है और क्षेत्र में पर्यावरणीय असंतुलन भी पैदा होता है। पकड़ी गई मशीनरी और वाहनों को खनन विभाग की निगरानी में सीज कर दिया गया है। 

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अवैध खनन कराने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने रिंग रोड परियोजना का नाम ढाल बनाकर मिट्टी-बालू का अवैध दोहन किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू है। खनन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में फैले खनन माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।

संबंधित समाचार