शिखर पर ध्वजारोहण के बाद पीएम मोदी करेंगे देश को संबोधित... परिसर में सप्त ऋषियों से आशीर्वाद लेने के साथ शुरू करेंगे कार्यक्रम
सफल रहा श्रीराम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का रिहर्सल
अयोध्या, अमृत विचार: श्रीराम मंदिर के शिखर पर मंगलवार को ध्वजारोहण का सेना के जवानों द्वारा रिहर्सल किया गया। यह सफल रहा। श्रीराम मंदिर का ध्वजारोहण कार्यक्रम 25 नवंबर को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत मंदिर के शिखर पर ध्वज का आरोहण करेंगे। मंदिर निर्माण पूरा होने की घोषणा करेंगे।
ध्वजारोहण को लेकर 20 नवंबर से परिसर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू होगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब चार घंटे अयोध्या में प्रवास करेंगे। वह परिसर में सप्त ऋषि मंदिर से कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। सप्त ऋषियों विशेष वैदिक पूजा व की प्रार्थना की जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री शेषावतार मंदिर में भगवान लक्ष्मण की आराधना करेंगे। ध्वजारोहण के लिए शुभ मुहूर्त 11:58 बजे से दोपहर एक बजे तक है। इसी समय में प्रधानमंत्री स्वयं राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज पताका फहराएंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करेंगे। मंदिर निर्माण के पूर्णता की औपचारिक घोषणा करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस विशाल आयोजन को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। मंदिर में मॉक ट्रायल सफल रहा। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा का स्तर अभूतपूर्व कर दिया गया है। एयरपोर्ट से राम मंदिर तक आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर विशेष बैरीकेडिंग की जा रही है। एसपीजी और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार रूट का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक और भव्य रूप से संपन्न हो सके।
