Asia Cup Rising Stars : भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में, जानें कब होंगे रोमांचक मुकाबले

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

Asia Cup Rising Stars: भारत और पाकिस्तान ने ACC मेंस इमर्जिंग एशिया कप (राइजिंग स्टार्स) के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। दोनों टीमें अब 21 नवंबर को अलग-अलग सेमीफाइनल खेलेंगी, जहां फाइनल का टिकट दांव पर लगा होगा।

मंगलवार को दोहा में खेले गए महत्वपूर्ण मुकाबले में भारत ने ओमान को 6 विकेट से आसानी से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 135 रन ही बना सकी। उनकी तरफ से वसीम अली ने सबसे ज्यादा 54 रन नाबाद बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था। भारत के लिए गुरजपनीत सिंह और सुयश शर्मा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए।

जवाब में भारतीय टीम ने महज 17.5 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे, लेकिन हर्ष दुबे ने नाबाद 53 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। नमन धीर ने भी 30 रनों का उपयोगी योगदान दिया।

ग्रुप-बी में पाकिस्तान ने सभी तीन मैच जीतकर टॉप किया, जबकि भारत दो जीत और एक हार (पाकिस्तान से 8 विकेट से मिली शिकस्त) के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसी के साथ दोनों टीमें नॉकआउट में पहुंच गईं।

दूसरी ओर, ग्रुप-ए में अभी भी रोमांच बरकरार है। बांग्लादेश दो जीत के साथ पहले स्थान पर है। श्रीलंका और अफगानिस्तान एक-एक मैच जीतकर क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं, जबकि हांगकांग दोनों मुकाबले हारकर बाहर हो चुकी है।

19 नवंबर (बुधवार) को ग्रुप-ए की आखिरी लीग मैचें खेली जाएंगी:
- अफगानिस्तान vs हांगकांग
- श्रीलंका vs बांग्लादेश

इन मैचों के नतीजों से तय होगा कि ग्रुप-ए से भारत और पाकिस्तान के सामने सेमीफाइनल में कौन-कौन सी दो टीमें होंगी। 21 नवंबर को होने वाले दोनों सेमीफाइनल फैंस के लिए हाई-वोल्टेज ड्रामा लेकर आएंगे!

संबंधित समाचार