Moradabad: रेप के बाद धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव, अब पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, जबरन धर्म परिवर्तन और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी यासीन उर्फ राजा उर्फ आमिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी।
बुधवार को पुलिस लाइन में एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मझोला क्षेत्र की एक युवती ने इस साल 17 नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि आरोपी ने अपना नाम छिपाकर उससे नजदीकी बढ़ाई और शादी करने का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से बेहद भयभीत हो गई।
पीड़िता की तहरीर पर थाना मझोला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी, मारपीट और यूपी गैर वैध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें आरोपी राजा उर्फ आमिर पुत्र जुम्मन शाह, निवासी किशनपुर गांबड़ी , टीकासिंह थाना शाहाबाद (जिला रामपुर) फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस एवं मानव खुफिया तंत्र की मदद से उसे ट्रैक करते हुए दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी ने बताया कि पीड़िता ने अपनी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं कि आरोपी ने नाम बदलकर उससे शादी की, उसे हिमाचल ले गया और वहां मारपीट के साथ-साथ अन्य व्यक्तियों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इन सभी आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अन्य तीन नामजद आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
