Bareilly: BDA ने चार अवैध कॉलोनियां कीं ध्वस्त...दो अवैध निर्माण भी किए सील
बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज के बाद बीडीए की कार्रवाई बुधवार को कैंट इलाके में हुई। टीम ने अवैध रूप से विकसित की जा रहीं चार कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया और दो अवैध निर्माण भी सील किए।
बीडीए के सहायक अभियंता गजेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि कैंट के नकटिया में सद्दाम की ओर से लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क, नाली और चहारदीवारी आदि का कार्य किया जा रहा था जिसको बीडीए ने ध्वस्त कर दिया है। इसके साथ ही नकटिया में ही ओम पाल की ओर से भी लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के कॉलोनी बसाने की तैयारी को लेकर भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क, नाली, साइट ऑफिस का निर्माण किया जा रहा था।
इसके अलावा बुद्धवा द्वारा नकटिया में लगभग 3 बीघा क्षेत्रफल में भी अवैध रूप से कॉलोनी बसाने को लेकर कार्य किए जा रहे थे। नूर हसन भी नकटिया में लगभग 4 बीघा क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी बसा रहा था। बीडीए की टीम ने चारों अवैध कॉलोनियों के निर्माण को ध्वस्त कर दिया। वहीं पीलीभीत रोड पर गांव मुड़िया अहमद नगर में साक्षी ने लगभग 105 वर्ग मीटर में चहारदीवारी कराते हुए और मठ लक्ष्मीपुर में भूनेश गंगवार 150 वर्ग मीटर में आवासीय निर्माण करा रहे थे। इन दोनों निर्माण को सील कर दिया गया है।
