महादेवा महोत्सव : समर सिंह और शिल्पी राज के भोजपुरी गीतों पर दर्शकों ने जमकर लगाए ठुमके
रामनगर/ बाराबंकी, अमृत विचार। महादेवा महोत्सव की तीसरी शाम भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए यादगार साबित हुई। इस अवसर पर प्रसिद्ध भोजपुरी गायक समर सिंह और गायिका शिल्पी राज ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से पंडाल को भक्तिमय और रंगीन बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह और बीडीओ जितेंद्र कुमार ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की। समर सिंह ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत अचरा के प्यार माई हो, भरदे झोली मईया भोली, भोले बाबा बम बम गूंजेला बाबा की नगरिया जैसे गानों से की, जिसने पूरा माहौल शिवमय कर दिया।

इसके बाद उन्होंने भोले बाबा फेरी न नजरिया, सावन में कधा धुआं धुआं, बोल बम की साड़ी चाही और अन्य लोकप्रिय भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। भोजपुरी गायिका शिल्पी राज ने देवी मइया की कृपा, तनिकव न कमी पईबा मैय्या के प्यार मा जैसे भक्ति गीत प्रस्तुत कर भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।
उन्होंने इसके बाद बुलेट पर जीजा गीत भी प्रस्तुत किया, जिस पर दर्शक झूम उठे और जमकर ठुमके लगाए। भारी दर्शक संख्या के चलते पूरा पंडाल खचाखच भरा हुआ था और समर सिंह व शिल्पी राज की प्रस्तुतियों ने महोत्सव की तीसरी शाम को अविस्मरणीय बना दिया।
