टेक्निकल राइटिंग: कलम और कीबोर्ड का शानदार संगम

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कुछ लोगों की लेखनी में ऐसा दम होता है कि उनके शब्द पाठक को बांध लेते हैं। अगर आपको लिखना पसंद है और टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी दिलचस्पी है, तो आपके लिए टेक्निकल राइटर के क्षेत्र में सबसे सही करियर विकल्प हो सकता है। यह ऐसा पेशा है, जहां शब्द और मशीन दोनों की भाषा एक साथ चलती है। अमेरिका के यूएस डिपार्टमेंट ऑफ लेबर की रिपोर्ट के मुताबिक, यह क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है। आज आपको बताते हैं कि Technical Writing में अपना भविष्य कैसे बनाएं- ज्ञानेंद्र कुमार दीक्षित, असिस्टेंट प्रोफेसर, बीबीडी यूनिवर्सिटी, लखनऊ।

क्या होता है टेक्निकल राइटर

टेक्निकल राइटर वह होता है, जो किसी मशीन, सॉफ्टवेयर या ऐप को इस्तेमाल करने के तरीके को आसान शब्दों में समझाता है। जैसे मोबाइल का यूजर मैनुअल, किसी वेबसाइट का Help सेक्शन या किसी ऐप का गाइड या FAQ पेज-इन सबके पीछे टेक्निकल राइटर की मेहनत होती है। इस पेशे का उद्देश्य यही है कि टेक्नोलॉजी को आम लोगों के लिए समझना आसान बनाया जाए।

कैसे बनें टेक्निकल राइटर

टेक्निकल राइटर बनने के लिए किसी एक खास डिग्री की जरूरत नहीं होती, लेकिन अगर आपने इंग्लिश, मॉस कम्युनिकेशन, जर्नलिज्म या कंप्यूटर साइंस से पढ़ाई की है, तो फायदा जरूर होगा। साथ ही कई ऑनलाइन कोर्स भी उपलब्ध हैं, जो शुरुआती लोगों के लिए मददगार हैं, जैसे- Google Technical Writing Course, Coursera Technical Writing Specialization, इन कोर्सेस से आप सीख सकते हैं कि किसी तकनीकी जानकारी को किस तरह सरल, स्पष्ट और प्रोफेशनल अंदाज में लिखा जाए।

जरूरी स्किल्स

एक सफल टेक्निकल राइटर बनने के लिए केवल लिखने की क्षमता ही नहीं, बल्कि रिसर्च और तकनीकी समझ भी जरूरी है। इस क्षेत्र में सफलता के लिए आपके पास ये कौशल होने चाहिए-

साफ और सरल भाषा में लिखने की कला 
रिसर्च करने और जानकारी को संक्षेप में प्रस्तुत करने की क्षमता
ग्रामर और एडिटिंग की अच्छी समझ
तकनीकी जानकारी और कंप्यूटर टूल्स की पकड़

कम्युनिकेशन स्किल्स

डॉक्यूमेंटेशन टूल्स जैसे-MS Word, FrameMaker, Markdown आदि का ज्ञान
चार्ट, स्क्रीनशॉट या डायग्राम के जरिए चीजों को दिखाने की क्षमता
टाइम मैनेजमेंट और डेडलाइन पर काम करने की दक्षता

इन क्षेत्रों में अवसर

सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में टेक्निकल राइटर्स की मांग लगातार बढ़ रही है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस, इंफोटेक और अन्य बड़ी आईटी कंपनियों में इनकी जरूरत हमेशा बनी रहती है। इसके अलावा विज्ञापन एजेंसियों, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट फर्म्स, मीडिया संस्थानों और यहां तक कि सरकारी विभागों में भी इनकी मांग बढ़ी है। अगर आप स्वतंत्र रूप से काम करना पसंद करते हैं, तो बतौर फ्रीलांसर टेक्निकल राइटर भी अच्छा करियर बना सकते हैं। आज कई वेबसाइट्स और स्टार्टअप्स प्रोजेक्ट-बेस्ड काम देती हैं, जिससे आप घर बैठे अच्छी कमाई कर सकते हैं।

प्रमुख संस्थान

डॉक्यूमेंटेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर, बेंगलुरू
फॉर सी कंटेंट एक्सपर्ट्स, बेंगलुरू
टी. डब्ल्यू.बी. इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल कम्युनिकेशन, बेंगलुरू
टेक्नोप्वॉइंट, बेंगलुरू
टेक्नोराइटर्स एकेडमी, पुणे
एक्स.आई.सी, मुंबई
यूनिवर्सिटी ऑफ कालीकट, केरल

सैलरी एंड करियर ग्रोथ

टेक्निकल राइटिंग के साथ विकास के कई रास्ते भी खुलते हैं। एक प्रवेश-स्तर के तकनीकी लेखक के रूप में शुरुआत करके, आप वरिष्ठ या प्रमुख पदों पर पहुंच सकते हैं या सामग्री रणनीति या सूचना वास्तुकला जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता भी प्राप्त कर सकते हैं। अनुभव के साथ, अपने करियर के दौरान दिशाएं बदलना संभव है। शुरुआती महीनों में 25,000 से 40,000 रुपये तक कमा सकते हैं। अनुभव और विशेषज्ञता बढ़ने के साथ आप सीनियर टेक्निकल राइटर, कंटेंट स्ट्रैटेजिस्ट या इन्फॉर्मेशन आर्किटेक्ट जैसे पदों तक पहुंच सकते हैं, जहां सैलरी 80,000 रुपये या उससे अधिक हो सकती है। आप चाहे तो फ्रीलांसिंग करके घर से भी अच्छा पैसा कमा सकते हैं।

 

संबंधित समाचार