UP : अब पूरनपुर सुपर ग्रिल हाउस पर SIB का छपा, विरोध के बीच 25 लाख की टैक्स चोरी उजागर !

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पूरनपुर के चर्चित सुपर ग्रिल हाउस पर बुधवार देर शाम एसआईबी की टीम ने सर्च वारंट के आधार पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में 25 लाख रुपये से अधिक की टैक्स चोरी, लोहे का अवैध भंडारण और फर्जी बिलों के सहारे किए गए कागजी कारोबार  पकड़ा। कार्रवाई की भनक लगते ही नगर के व्यापारियों में खलबली मच गई।

पूरनपुर के एलआइसी तिराहा के पास स्थित सुपर ग्रिल हाउस (मुन्ना भाई) के खिलाफ व्यापार मंडल के ही एक सदस्य ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर अवैध स्टॉक और टैक्स चोरी की शिकायत की थी। इस पर बरेली डिप्टी कमिश्नर एसआईबी अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में टीम ने दुकान और संबंधित गोदाम की गहन जांच की। टीम को मौके पर लोहे का भारी स्टॉक मिला, जबकि दुकानदार ने खरीद-बिक्री के बेहद कम अभिलेख पेश किए। बिल और स्टॉक का मिलान न होने पर करीब 25 लाख की टैक्स चोरी सामने आई है। अभी पड़ताल चल रही है।

अधिकारियों ने बताया कि 15 दिन के सर्च वारंट के तहत सभी अभिलेखों और स्टॉक की बारीकी से पड़ताल जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर दुकान सीज करने और प्राथमिकी दर्ज कराने की भी तैयारी है। उधर, छापेमारी की सूचना मिलते ही यूपी उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बिना व्यापार मंडल को सूचित किए की गई कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया, जिससे वहां तनाव की स्थिति बन गई। देर रात तक एसआईबी की टीम दुकान और गोदाम में रिकार्ड खंगालती रही, जबकि व्यापारी वर्ग में इस कार्रवाई को लेकर खलबली बनी रही।

प्रांतीय व्यापारी नेता हंसराज गुलाटी ने बताया कि छापामारी की जानकारी मिलने पर मौके पर गए थे। इस तरह से बिना सूचना रात में कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई गई। व्यापारी कोई चोर नहीं होता है। मैने रात में चेकिंग करने का विरोध किया।

संबंधित समाचार