Moradabad: सहालग से बाजार में बढ़ी रौनक, अच्छे कारोबार की उम्मीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सहालग से महानगर के बाजारों की रौनक में भी चार चांद लग गए हैं। शादी सीजन में कपड़ा, जेवर, सजावट व फूलों के कारोबार को गति दी है। बाजारों में उमड़ी ग्राहकों की भीड़ से व्यापारी भी खुश हैं और इस सीजन में बेहतर कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं।

महानगर के बुध बाजार, गुरहट्टी, टाउनहॉल, चौमुखापुल, मंडी चौक, कोर्ट रोड, मकबरा और कटरा बाजार की दुकानों में दिन भर ग्राहकों की चहल-पहल बनी हुई है। रेडीमेड गारमेंट्स कारोबारी नितिन आहूजा के अनुसार इस बार दूल्हों के लिए क्रीम और लाल रंग की शेरवानी खास पसंद की जा रही है। ठंड को देखते हुए लोग डार्क कलर की जोधपुरी और वर्क वाली शेरवानी खरीद रहे हैं। वहीं, डिजाइनर लहंगों की मांग भी लगातार बढ़ रही है। 

अधिकांश ग्राहक लहंगे और साड़ी की खरीदारी दूल्हे की शेरवानी से मैचिंग कर रहे हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार रेडिमेड परिधानों की बिक्री में करीब 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। महिलाओं के बीच भारी सिल्क साड़ियां और वर्क वाले लहंगे की खास मांग है। साथ ही ब्लेजर की बिक्री भी तेजी पर है।

गहनों की खरीदारी में दिखा उत्साह
सहालग के चलते मंडी चौक के सराफा बाजार में भी खरीदारों की भीड़ दिख रही है। सराफ आनंद वर्मा के अनुसार इस बार महंगाई का असर खास नहीं दिख रहा है। ग्राहक आकर्षक और कम वजन वाले गहनों की ओर अधिक झुकाव दिखा रहे हैं। पारंपरिक हार, टीका और अंगूठी की बिक्री में अच्छी तेजी है। सोने-चांदी के आभूषणों में डिजाइन और फिनिश पर लोग ज्यादा ध्यान दे रहे हैं।

दिल्ली से मंगाए जा रहे फूल
दूल्हे की गाड़ी, जयमाल स्टेज और मंडप सजाने के लिए गुलाब, गेंदे और चमेली के फूलों की भारी मांग बनी हुई है। फूल डेकोरेटरों ने पहले से ही बुकिंग शुरू कर दी है। फूलों के थोक व्यापारी सुनील सैनी ने बताया कि दिल्ली से गुलाब, गेंदे और चमेली के फूल मंगाए जा रहे हैं।

 

संबंधित समाचार