Moradabad: मानसरोवर कॉलोनी में निर्यातक के घर लूट, चौकीदार बंधक बनाकर की वारदात
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर की पॉश मानसरोवर कॉलोनी में निर्यातक अरविंद बढ़ेरा की कोठी में बुधवार की रात करीब 3:00 बजे दीवार कूदकर आए चार बदमाशों ने धावा बोल दिया। अंदर मौजूद चौकीदार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर बदमाशों ने बेसमेंट में बंद कर दिया और कोठी में लूटपाट कर फरार हो गए। घटना के समय निर्यातक और उनकी पत्नी दोनों घर से बाहर थे। उनके न होने पर नुकसान के बारे अभी सही पता नहीं चला सका ।
गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे काम करने वाली नौकरानी जब गेट पर पहुंची तो काफी आवाज लगाने के बाद भी गेट नहीं खुला। पड़ोसी असमौली की विधायक पिंकी यादव और मदान परिवार को जानकारी दी। जिस पर कॉलोनी में हलचल मच गई। कॉलोनीवासियों ने मझोला पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेसमेंट का ताला खोलकर अंदर घायल चौकीदार कमलेश शाह को बाहर निकाला। उसकी एक उंगली कटी हुई थी और शरीर पर कई घाव थे। पुलिस ने उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चौकीदार कमलेश शाह ने पुलिस को बताया कि वह रात में सो रहा था, तभी अचानक कोठी में हलचल महसूस हुई। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, चार बदमाश उसके कमरे में घुस आए। बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे घायल किया, मुंह में कपड़ा ठूंसकर हाथ बांधे और बेसमेंट में बंद कर दिया। चौकीदार के अनुसार बदमाश उसके कमरे में रखे सामान को लेकर फरार हो गए।
फर्म स्वामी शहर से बाहर और पत्नी बेटी के पास गई थीं
घटना स्थल पर खून देखकर लोग यह अंदेशा जताया कि वारदात और गंभीर हो सकती थी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। करीब दो घंटे तक कोठी के हर हिस्से की तलाशी ली गई और साक्ष्य जुटाए गए। बताया गया कि घटना के समय फर्म स्वामी अरविंद बढ़ेरा शहर से बाहर थे और उनकी पत्नी बेटी के पास गई हुई थीं। कोठी में केवल चौकीदार ही मौजूद था। पुलिस के अनुसार बढ़ेरा के शुक्रवार को मुरादाबाद लौटने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। पुलिस ने फर्म स्वामी के ड्राइवर विनोद की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
कॉलोनी में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
मानसरोवर जैसे हाई-प्रोफाइल क्षेत्र में देर रात हुई इस वारदात से आसपास के इलाकों में दहशत फैली हुई है। रहवासियों ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मानसरोवर कॉलोनी में एक फर्म स्वामी अरविंद बढेरा के घर रात कुछ बदमाश घुस गए थे। जिन्होंने चौकीदार को घायल कर बेसमेंट में बंद कर दिया था। फर्म स्वामी के चालक की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। हालांकि फर्म स्वामी के न होने पर नुकसान के बारे अभी सही पता नहीं चला सका । जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।
