बरेली: विधि की परीक्षा में आधा घंटा पहले मिलेगा प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विधि की परीक्षाएं 16 दिसंबर से शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालय की ओर से 17 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित करायी जाएगी। बरेली जिले में बरेली कॉलेज और खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कोरोना नियमों का पालन हो और परीक्षार्थियों की प्रवेश से पहले जांच हो सके, …

बरेली, अमृत विचार। विधि की परीक्षाएं 16 दिसंबर से शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालय की ओर से 17 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित करायी जाएगी। बरेली जिले में बरेली कॉलेज और खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कोरोना नियमों का पालन हो और परीक्षार्थियों की प्रवेश से पहले जांच हो सके, इसके लिए उन्हें आधा घंटे पहले प्रवेश दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय की ओर से सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी दफ्तर से सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों के जरिए ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। परीक्षार्थी कंट्रोल रूम पर नकल के संबंध में शिकायत भी कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को अपने साथ मास्क व सैनेटाइजर साथ में लाना होगा।

एलएलएम, एलएलबी और बीए एलएलबी की परीक्षाएं 16 दिसंबर से आयोजित हो रही हैं। परीक्षाएं 28 दिसंबर तक होंगी। 17 केंद्रों पर कुल 11576 परीक्षार्थी एलएलएम, एलएलबी और बीएएलएलबी की परीक्षा देंगे। बरेली कॉलेज में बरेली कॉलेज के स्वकेंद्र समेत क्लासिक लॉ कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा खंडेलवाल कॉलेज में श्रीजी इंस्टीट्यूट ऑफ रीगल एंड वोकेशनल एंड रिसर्च, एशियन विधि एवं न्यायिक विज्ञान महाविद्यालय, राजश्री लॉ कॉलेज और श्री राममूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ लॉ के केंद्र बनाए गए हैं। बरेली कॉलेज में 1349 और खंडेलवाल कॉलेज में 998 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

मंगलवार को पहले दिन बरेली कॉलेज में 750 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बरेली कॉलेज में लॉ की पूर्व परीक्षाओं में हंगामे हो चुके हैं। इसके चलते कॉलेज प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। परीक्षार्थियों की चेकिंग के लिए बैरियर लगाए गए हैं। बरेली कॉलेज में 27 कमरों में परीक्षाएं आयोजित होंगी। कॉलेज की ओर से 60 परीक्षक कक्षों में तैनात होंगे।

इसके अलावा 15 परीक्षक स्क्वायड में, 12 रिजर्व, 5 इंतजाम आदि तैनात होंगे। करीब 100 लोगों की ड्यूटी लगायी गई है। सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। परीक्षा के दौरान पुलिस भी तैनात रहेगी। भीड़ न लगे, इसके लिए परीक्षार्थियों को आधा घंटे पहले यानी सुबह 10:30 बजे ही प्रवेश देना शुरू कर दिया जाएगा। कोई भी परीक्षार्थी मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री अंदर नहीं ले जा सकेगा। मोबाइल लाने पर जब्त कर लिया जाएगा।

दूसरे कक्षों में होगी पढ़ाई
बरेली कॉलेज के प्राचार्य डा. अनुराग मोहन ने बताया कि लॉ की परीक्षाओं की वजह से स्नातक व परास्नातक के विद्यार्थियों की पढ़ाई में कोई दिक्कत न हो, इसके भी पूरे इंतजाम किए गए हैं। जिन कक्षों में परीक्षाएं हो रही हैं उनकी पढ़ाई दूसरे कक्षों में होगी। इसका निर्धारण कर दिया गया है। कुछ कक्ष ऐसे थे जो काफी समय से बंद थे उन्हें खुलवाकर सफाई करा दी गई है। इसका टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है। पुराने कक्ष और नए कक्ष की जानकारी भी छात्रों को दी जाएगी। 16 से 24 दिसंबर तक कक्षाएं नए कक्षों में लगेंगी।

संबंधित समाचार