हरदोई : प्रेमी- प्रेमिका ने खाया जहर, पहले युवक की बाद में युवती की थम गई सांसे
हरदोई, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में प्रेमी-प्रेमिका ने जहर खाकर जान दे दी है। जिसके कारण शहर में हड़कंप मच गया है। वहीं घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती की मां की तरफ इस मामले में तहरीर दी गई है।
दरअसल, गुरुवार सुबह मोहल्ला अशरफ टोला की रहने वाली शिवानी ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शिवानी बीएससी की छात्रा थी। शिवानी की मां सुमन ने बताया कि गुरुवार को वह अमावस्या स्नान के लिए नैमिषारण्य गई हुई थी,शिवानी,बहन सुनैना व सीमान्त घर पर थी, उसी बीच शिवानी का प्रेमी अनूप उनके घर पहुंचा और शिवानी से बातचीत करने लगा, तभी दोनों के बीच तकरार बढ़ गई और अनूप ने शिवानी का मोबाइल छीन कर शौंचालय मे फेंक दिया, उसकी ऐसी हरकत से उसे (शिवानी) इतना गुस्सा आया कि उसने ज़हर खा लिया,उधर कुछ ही देर बाद पता चला कि अनूप भी जहर खाने के बाद घर से कहीं चला गया,उसे ढूंढा जा रहा था,तभी अल्लीपुर रोड स्थित सन्जू देवी तेज नारायण इण्टर कालेज के पास उसका शव पड़ा हुआ देखा गया।
शिवानी की तय हो चुकी थी शादी
बताया जा रहा है कि छात्रा शिवानी की शादी तय हो चुकी थी, 4 दिसंबर को तिलक जाना था। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे एएसपी पश्चिमी मार्तण्ड प्रताप सिंह, सीओ हरियावां अजीत चौहान व एसएचओ ओमप्रकाश सरोज ने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। छात्रा शिवानी की मां सुमन की तहरीर पर इलाकाई पुलिस हर पहलू पर छानबीन कर रही है।
