कानपुर : मुंह में नवजात का शव दबाए दिखा कुत्ता, डंडे व पत्थर चलाकर लोगों ने छुड़ाया, पुलिस कर रही जांच
कानपुर। हनुमंत विहार में गुरुवार को लोगों ने कुत्तों को नवजात का शव लेकर भागते देखा तो हड़कंप मच गया। लोगों ने डंडे व पत्थर चलाकर कुत्तों को भगाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस शव फेंकने वाले की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
बसंत विहार निवासी सपा युवजन सभा के महानगर अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी ने बताया कि गुरुवार सुबह वह क्षेत्रीय लोगों के साथ घर के बाहर खड़े थे। तभी एक कुत्ता नवजात का शव मुंह में दबाकर आता दिखा। उन लोगों ने उसे भगाने के लिए दौड़ाया तो वह फ्रेंडस पार्क में घुस गया शोर मचाने पर वह शव छोड़कर भाग निकला। पत्थर चलाने पर कुत्ता भागा।
नवजात के पैरों में ऊनी मोजे थे और वह डायपर पहने था। पार्क में ही कुछ दूर पर ही नवजात के हाथ का पंजा भी मिला है। थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि नवजात का जन्म किसी अस्पताल में हुआ है। कुत्ता उसे कहां से और कब उठाकर लाया। इस बात की पड़ताल करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
