RERA approves 9 projects: छह जिलों में 2009 करोड़ की नौ परियोजनाएं मंजूर... यहां बनेंगी 1586 इकाइयां
लखनऊ, अमृत विचार: उप्र रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (रेरा) ने लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज, चंदौली, अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में नौ परियोजनाओं को मंजूरी दी है। बिल्डरों द्वारा 2009 करोड़ रुपये के निवेश से 1,586 यूनिट विकसित करके फ्लैट, प्लॉट और विला बनाए जाएंगे। इससे घर खरीदारों को राहत मिलेगी।
गुरुवार को न्यू हैदराबाद स्थित रेरा मुख्यालय पर अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में प्राधिकरण की 189वीं बैठक हुई। वरिष्ठ अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया। विभिन्न परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और आवासीय इकाइयों का प्रस्तुतिकरण दिया गया। इसमें लखनऊ, बाराबंकी, प्रयागराज, चंदौली, अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में कुल नौ परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई। इन जिलों में 2009 करोड़ से 1,586 इकाइयां बनेंगी। यह परियोजनाएं आवासीय एवं मिश्रित विकास मॉडल पर आधारित हैं, जो शहरी और उपनगरीय दोनों क्षेत्रों की आवश्यकताओं को पूरा करेंगी।
सबसे अधिक निवेश नोएडा में 1,536.99 करोड़ से तीन परियोजनाओं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा लखनऊ में 283.76 करोड़ की एक परियोजना स्वीकृत हुई है। जबकि बाराबंकी में 120.85 करोड़ की दो परियोजनाएं उपनगरों और उभरते क्षेत्रों में रियल एस्टेट विस्तार को गति देगा। वहीं, प्रयागराज में 11.47 करोड़ और चंदौली में 37.85 करोड़ की एक-एक परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही अलीगढ़ में 17.72 करोड़ की एक परियोजना स्वीकृत हुई है।
