Khadi Festival-2025: आज से उद्यमिता और स्वदेशी उद्योगों को मिलेगा बड़ा मंच... एमएसएमई मंत्री करेंगे उद्घाटन 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

10 दिवसीय आयोजन में प्रदेश के 160 से अधिक उद्यमी शामिल

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और पारंपरिक कला को नया बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 से 30 नवंबर तक केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, गोमती नगर में खादी महोत्सव 2025 का आयोजन किया जा रहा है। दस दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान करेंगे।

महोत्सव में प्रदेश के 160 से अधिक उद्यमी शामिल होंगे, जो अपने-अपने जिलों की विशिष्ट कला और स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन व बिक्री करेंगे। प्रदर्शनी में सहारनपुर का नक्काशीदार फर्नीचर, भदोही की कालीन, अमरोहा के गमछे व सदरी, सीतापुर की दरी-तौलिये, वाराणसी की रेशमी साड़ियां, प्रतापगढ़ का आंवला उत्पाद, लखनऊ की रॉयल हनी के साथ मिट्टी कला, पापड़, लेदर उत्पाद और पारंपरिक वस्त्र विशेष आकर्षण होंगे।

महोत्सव के दौरान उत्कृष्ट ग्रामोद्योग इकाइयों को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही चयनित लाभार्थियों को दोना मेकिंग मशीन, पॉपकॉर्न मशीन, हनी बॉक्स, विद्युत चालित चाक और पगमिल का वितरण किया जाएगा। यह पहल ग्रामीण उद्यमों को आधुनिक उपकरण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भरता की दिशा में नई गति देगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्थानीय उद्यमिता संवर्धन के विजन को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन खादी और स्वदेशी उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ कारीगरों के सम्मान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा। खादी महोत्सव 2025 नवाचार, व्यापार विस्तार और नए अवसरों का सशक्त माध्यम बनकर उभरेगा।

संबंधित समाचार