बरेली : जनसुनवाई केंद्र संचालक व फॉड करने वालों पर एफआईआर के आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने तहसील फरीदपुर में मूल निवास प्रमाण पत्र के आवेदन पत्रों की जांच में पकड़ी गड़बड़ी

बरेली, अमृत विचार। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने गुरुवार को तहसील फरीदपुर में वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर और फील्ड में बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मूल निवास प्रमाण पत्रों के आवेदन पत्र की जांच में फरीदपुर कस्बा की रहने वाली निशा पत्नी फिरासत और मुन्नी पत्नी इरशाद की गड़बड़ी पकड़ी। इन लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष शराफत जरीवाला के पैड पर मूल निवास प्रमाण पत्र लगाया और प्रमाण पत्र पर फोटो किसी तीसरे का लगा लिया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने गड़बड़ी पकड़े जाने पर तत्काल तहसीलदार को जांच के आदेश दिए और जिस जनसुनवाई केंद्र से फॉर्म भरा गया, उसको सर्च कर लिया गया। तहसीलदार को इन सभी संबंधित के विरुद्ध कूट रचित फ्राॅड करने के संबंध में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी वोटर रजिस्ट्रेशन सेंटर और फील्ड में बीएलओ के कार्यों का निरीक्षण किया। इस अवसर एसडीएम, तहसीलदार प्रशांत शर्मा भी साथ रहे। सभी एईआरओ के कार्यों की समीक्षा की गयी और फॉर्म की फीडिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर कार्य में लगे अधिकारियों से कहा है कि वर्तमान में कुछ विशेष स्थानों पर लोग जाति और मूल निवास प्रमाण पत्र फर्जी तरीके से बनवाने का प्रयास कर रहे हैं, साथ ही फर्जी आधार कार्ड बनाने की शिकायतें भी आ रही हैं। सभी एसडीएम को निर्देशित किया है कि प्रमाण पत्र जारी करने में सावधानी बरतें और आवेदन के साथ लगाए गए साक्ष्य की जांच जरूर कराएं। आधार कार्ड के क्यूआर कोड को सिस्टम से चेक करके सत्यापन अवश्य करें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी दी है कि जनसेवा केंद्र या कोई व्यक्ति गलत अभिलेख के साथ आवेदन करता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा और लाइसेंस भी निरस्त होगा। कोई राजस्व कर्मी, पालिका कर्मी या पंचायत सचिव जो भी गलत जांच रिपोर्ट लगाएगा, उसको भी बख्शा नहीं जाएगा।

गड़बड़ी के प्रकरण में जांच की जा रही है, सभी कर्मचारी एसआईआर में व्यस्त हैं, जांच के बाद जो भी सामने आयेगा, उसके हिसाब से कार्रवाई की जायेगी। -प्रशांत अवस्थी, तहसीलदार फरीदपुर।

संबंधित समाचार