बरेली : कोहरे में सुरक्षित संचालन के लिए 250 ट्रेनों में फॉग सेफ डिवाइस

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

इज्जतनगर मंडल के सभी स्टेशनों पर क्रॉसिंग पर लगे बैरियर पर ल्यूमिनस स्ट्रिप लगाई गई

बरेली, अमृत विचार। कोहरे में ट्रेनों की रफ्तार पर असर न पड़े इसके लिए इज्जतनगर मंडल की 250 ट्रेनों में फॉग सेफ डिवाइस लगाई गई हैं। इसके अलावा क्रॉसिंग पर लगे बैरियर पर ल्यूमिनस स्ट्रिप लगाई गई हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि सुरक्षित एवं संरक्षित रेल यात्रा, रेलवे की पहली प्राथमिकता है। सर्दी में इज्जतनगर मंडल क्षेत्र में कोहरे का प्रभाव रहता है, जिसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी प्रकार के सिग्नल पोस्टों पर ल्यूमिनस स्ट्रिप लगाई गई हैं और सिग्नल साइटिंग बोर्ड पर लाइन मार्किंग करा दी गई है। क्रॉसिंग पर लगे बैरियर पर ल्यूमिनस स्ट्रिप लगाई गई हैं।

इज्जतनगर मंडल पर कुल 250 फॉग सेफ डिवाइस की व्यवस्था की गई है। कोहरे के दौरान सुरक्षित और तेज ट्रेन संचालन में आधुनिक जीपीएस आधारित फॉग सेफ डिवाइस का महत्वपूर्ण योगदान है। इस डिवाइस के उपयोग में आने के पूर्व कोहरे के दौरान अधिकतम गति 60 किमी प्रति घंटा अनुमेय थी, जबकि फॉग सेफ डिवाइस के लग जाने के बाद अधिकतम अनुमेय गति 75 किमी प्रति घंटा हो गई। पहले की तुलना में अब ट्रेनें कोहरे के दौरान 25 प्रतिशत ज्यादा गति से चल सकती हैं। इस फॉग सेफ डिवाइस से लोको पायलटों का भरोसा बढ़ा है और आगामी सिग्नल की जानकारी इस डिवाइस के माध्यम से मिलते रहती है। इससे अब फॉग सिग्नल मैन भेजने की आवश्यकता भी खत्म हुई है। कोहरे के दौरान पूर्ण ब्लॉक पद्धति एवं स्वचालित ब्लॉक पद्धति में गाडियों के संचालन के संबंध में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में सभी लोको पायलटों एवं सहायक लोको पायलटों की काउंसिलिंग की गई है। इज्जतनगर मंडल के सभी रेल खंडों पर सभी यात्रियों एवं मालगाड़ियों में फॉग पास डिवाइस का उपयोग किया जा रहा है।

मुरादाबाद मंडल की छह ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
यात्रियों की सुविधा के लिए मुरादाबाद मंडल की छह ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला लिया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि 14207 मां बेहला देवी प्रतापगढ़- दिल्ली पदमावत एक्सप्रेस में 22 से लेकर 28 नवंबर तक स्लीपर कोच लगाया जाएगा। इसके अलावा 14208 दिल्ली- मां बेहला देवी धाम प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस में 25 नवंबर से लेकर 1 दिसंबर तक, 14205 अयोध्या कैंट-दिल्ली एक्सप्रेस में भी 24 से 30 नवंबर तक, 14206 में दिल्ली आयोध्या कैंट एक्सप्रेस में 23 से 29 नवंबर तक, 22420 आनंद विहार टर्मिनल-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस में 22 से 27 नवंबर तक और 22419 में 23 से लेकर 28 नवंबर तक एक स्लीपर कोच अतिरिक्त लगाया जाएगा।

 

संबंधित समाचार