बाराबंकी : बीजेपी विधायक के भाई मिथिलेश की सड़क हादसे में मौत, क्षेत्र में पसरा मातम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, बाराबंकी, अमृत विचार : हैदरगढ़ क्षेत्र से भाजपा विधायक दिनेश रावत के अनुज मिथलेश की शुक्रवार तड़के हुए हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर सैफई के निकट हुआ, जहां पर डंपर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। खबर क्षेत्र में आग की तरह फैली और विधायक के गांव मीरापुर में सन्नाटा पसर गया। सूचना मिलते ही पार्टी नेता, कार्यकर्ता, शुभचिंतक क्षेत्रीय जनता ने घर पहुंचकर शोक संवेदना जताई।

बताते चलें कि विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक दिनेश रावत के छोटे भाई मिथिलेश रावत देवस्थान दर्शन को कार से गए थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे 128.5 किलोमीटर पर करखा गांव के पास कार चालक ने नींद आने की बात कही तो चालक की अदला बदली होने लगी। इसी बीच तेज रफ्तार डंपर ने कार में साइड से टक्कर मार दी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी मिथिलेश रावत की मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक अन्य घायल को इलाज के लिए भेजा गया। स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही विधायक दिनेश रावत दुखी मन से घटनास्थल की ओर रवाना हुए। विधायक सहित अन्य परिवारजन पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जिसे अंतिम दर्शन के लिए विधायक के गांव मीरापुर लाया गया। खबर लगते ही राज्यमंत्री सतीश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य, एमएलसी अंगद सिंह, अवनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत के अलावा अन्य दलों के नेता, पार्टी पदाधिकारियों ने संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। बड़े ही द्रवित माहौल में मृतात्मा का अंतिम संस्कार की क्रिया संपन्न हुई। 

कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम मीरापुर निवासी 35 वर्षीय मिथिलेश रावत तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और अपने पिता के साथ ईंट-भट्ठा व्यवसाय संभाल रहे थे। व्यापार के साथ वह राजनीति में भी सक्रिय थे और आगामी ग्राम प्रधान चुनाव के लिए क्षेत्र में जनसंपर्क तेज कर रहे थे। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मिथिलेश की शादी फरवरी 2020 में हुई थी, उनके एक पुत्री अवंती 4 वर्ष की है। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

संबंधित समाचार