Shree Hanuman Cup: साई सेंटर लखनऊ ने श्री हनुमान कप पर किया कब्जा, कप्तान दीपक ने लगाई हैट्रिक

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: कप्तान दीपक पटेल के बेहतरीन तीन गोलों की बदौलत साई सेंटर लखनऊ (एनओसीई) ने श्री हनुमान कप पर कब्जा जमा लिया। गोमती नगर विजयंत खंड स्थित पद्मश्री मो. शाहिद हॉकी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में लखनऊ ने मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई, इटावा को 5-3 से मात देकर खिताब अपने नाम किया।

विजेता टीम की ओर से कप्तान दीपक ने अकेले तीन गोल कर मैच का हीरो बने। इसके अलावा मो. सैफ खान और दीपू रावत ने एक-एक गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। मैच के बाद यूपी एमएससीएल के एमडी उज्ज्वल कुमार ने विजेता टीम को हनुमान कप प्रदान किया। इस मौके पर भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक और ओलंपियन ललित उपाध्याय विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

फाइनल की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने तेज आक्रामक खेल दिखाया। छठे मिनट में कप्तान दीपक ने पहला गोल कर लखनऊ को 1-0 की बढ़त दिलाई, जबकि आठवें मिनट में सैफई के आयुष मिश्रा ने बराबरी कराई। पहले क्वार्टर के अंत में दीपक ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में मो. सैफ खान के गोल से लखनऊ की बढ़त 3-1 हुई। तीसरे क्वार्टर में दीपू रावत ने गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया। चौथे क्वार्टर में सैफई के सुनील पाल ने गोल कर अंतर घटाया, लेकिन 54वें मिनट में दीपक ने हैट्रिक पूरी करते हुए स्कोर 5-2 कर दिया। सैफई के हिमांशु यादव ने पेनाल्टी स्ट्रोक से गोल किया, लेकिन टीम अंतर पाट नहीं सकी।

शानदार प्रदर्शन के दम पर साई सेंटर लखनऊ ने यह मुकाबला 5-3 से जीतकर श्री हनुमान कप अपने नाम किया।

संबंधित समाचार