60 फीसदी बीमारियों की वजह गलत जीवनशैली... आयुर्वेदिक कॉलेज में हुआ नए छात्रों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : टूड़ियागंज स्थित राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में शुक्रवार को पीजी में प्रवेशित 2025 बैच के छात्रों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने कहा कि कैंसर के क्षेत्र में आयुर्वेदिक दवाओं से मरीजों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में बहुत अवसर है। 

उन्होंने बताया कि आज लोगों को 60 फीसदी बीमारियां अनियमित दिनचर्या और गलत जीवनशैली के कारण हो रही हैं। इससे बचाव के लिए आयुर्वेद एकमात्र विकल्प है।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार एवं मुख्य वक्ता डॉ. एमएलबी भट्ट ने किया। अतिथियों का स्वागत कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. आरबी यादव ने स्मृति चिन्ह व अंग वस्त्र भेंट कर किया। प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों को चिकित्सा व्यवसाय की सुचिता के लिए शपथ दिलाई और कहा कि विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश के लिए टूड़ियागंज कॉलेज को आयुर्वेद के क्षेत्र में उत्कृष्ट संस्थान के रूप में स्थापित करने के लिए शिक्षकों, डॉक्टरों व छात्रों को युद्ध स्तर पर प्रयास करना होगा।

इस मौके पर पीजी में प्रवेशित 49 विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए भविष्य में अपना करियर क्षेत्र बताया। धन्यवाद ज्ञापन संयोजक डॉ. शशि शर्मा ने किया। इस अवसर पर अस्पताल प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. रेखा बाजपेयी, डॉ. शरद जौहरी और डॉ. पीसी चौधरी सहित अन्य उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार