वाराणसी में सड़क किनारे मिला संदिग्ध शव: पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर सड़क की जाम
वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के कपसा गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मवैया निवासी सोनू गुप्ता (26) के रूप में हुई है।
शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों के साथ आजमगढ़-दानगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। मामला बढ़ता देख कई थानों की फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी। परिजनों का कहना है कि सोनू को जो चोटें लगी हैं, वे किसी सड़क दुर्घटना से नहीं, बल्कि किसी ने उसके साथ मारपीट की है। काफी समझाने-बुझाने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने जाम हटवाया।
पुलिस के अनुसार जिस आजमगढ़-दानगंज मार्ग पर शव मिला है, वहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है और पत्थर-गिट्टी का ढेर भी लगा है। प्रथम दृष्टया यह आशंका जतायी जा रही है कि मोटरसाइकिल फिसलने या गिरने से युवक को चोटें आई हों। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
