अभेद्य सुरक्षा में होगा प्रधानमंत्री मोदी का अयोध्या दौरा... सुरक्षा को प्रमुख स्थलों की एंटीसबोटाज, एंटीमाइनिंग चेकिंग
-कई स्तरों का सुरक्षा घेरा, अफसर लगातार कर रहे भ्रमण
दिल्ली कार विस्फोट, रिसिन जहर से आतंकी साजिश के खुलासे के बाद बढ़ी संवेदनशीलता
राजेंद्र कुमार पांडेय, अयोध्या, अमृत विचार: श्रीराम मंदिर के ध्वजारोहण में शामिल होने आ रहे प्रधानमंत्री मोदी का दौरा अभेद्य सुरक्षा में होगा। सुरक्षा को लेकर स्थलों की एंटीसबोटाज, एंटीमाइनिंग चेकिंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा घेरा कई स्तरों का होगा। सुरक्षा मानकों के लिहाज से सुरक्षा की तैयारी है। शीर्ष सुरक्षा एजेंसियां यहां सक्रिय हैं। पल-पल अयोध्या की खबर पर नजर है। अफसर लगातार रिव्यू के साथ स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं।
दिल्ली कार विस्फोट और रिसिन जहर से आतंकी साजिश के खुलासे के बाद संवेदनशीलता बढ़ गई। पीएम मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का लगातार रिव्यू किया जा रहा है। सुरक्षा से जुड़े अफसरों की बैठकें हो रही है। मंदिर परिसर के साथ उनके मार्गों और स्थलों पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर है। एयरपोर्ट से लेकर मंदिर परिसर में कार्यक्रम स्थल इसके दायरे में है। देश की शीर्ष सुरक्षा एजेंसियों की नजर अयोध्या पर है। अयोध्या आने जाने वाले व्यक्ति पर पैनी नजर है। चेकिंग अभियान शुरु कर दिया गया है। जिले की सीमा से ही निगरानी है। व्यवस्था ऐसी है कि जिले से शहर में प्रवेश करने वाला हर व्यक्ति कैमरे की नजर में रहे। कार्यक्रम स्थल का अब तक कई बड़े अफसरों और एजेंसियों के विशेषज्ञों ने दौरा किया है।
सीमित हो सकती है पीएम मोदी से मिलने वालों की संख्या
अयोध्या दौरे के समय पीएम मोदी से मिलने वालों की संख्या सीमित हो सकती है। एयरपोर्ट और साकेत महाविद्यालय में पीएम मोदी का स्वागत होगा। सूत्रों का कहना है कि दोनों स्थानों पर पहले से कम संख्या में स्वागत करने वाले होंगे। पीएमओ से स्वीकृति के बाद ही इसे अंतिम रूप मिलेगा।
