एसआईआर अभियान में जुटें कार्यकर्ता... धर्मपाल सिंह- भाजपा मुख्यालय में अवध क्षेत्र की बैठक, बोगस नाम हटाने पर विशेष जोर
प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा- बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष और बूथ प्रवासी की रोजाना बूथ पर उपस्थिति अनिवार्य
लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अवध क्षेत्र के मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार चुनाव के समय सभी कार्यकर्ता बूथों पर एकजुट होकर काम करते हैं, उसी सक्रियता और ऊर्जा के साथ एसआईआर अभियान को भी मिशन मोड में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने गणना फार्म, नवमतदाता और बोगस नाम हटाने पर विशेष जोर दिया। कहा कि बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष और बूथ प्रवासी की रोजाना बूथ पर उपस्थिति अनिवार्य होगी।
धर्मपाल सिंह ने स्पष्ट कहा कि एसआईआर अभियान पार्टी की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलए-2, बूथ अध्यक्ष और बूथ प्रवासी प्रतिदिन बूथ पर मौजूद रहें और यह सुनिश्चित करें कि सभी मतदाताओं के गणना फार्म समय से जमा हों। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान केवल बीएलए-2 या बूथ टीम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा बोगस नामों की पहचान कर सूची तैयार रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अवध क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यसमिति, 2022 के विधानसभा प्रत्याशी, जिला प्रवासी, बीएलए-1, मंडल अध्यक्ष सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बूथ पर संगठन की मजबूती ही जीत की कुंजी
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर विचार परिवार के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। उनसे संपर्क कर अभियान में सक्रिय किया जाए। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष के पास बूथवार कार्यकर्ताओं की पूरी सूची होनी चाहिए और बीएलए-1, बीएलए-2, बूथ प्रवासी तथा बूथ अध्यक्ष के बीच रोजाना संवाद होना चाहिए। धर्मपाल ने कहा कि हम बड़े नेता तभी हैं जब हमें अपने बूथ के एक-एक मतदाता की जानकारी हो। उन्होंने निर्देश दिया कि हर बूथ पर मतदाताओं से लगातार संपर्क बना रहे और 2003 तथा 2025 की मतदाता सूची और गणना फार्म सभी बूथों तक पहुंच जाएं। उन्होंने कहा कि जब तक सभी घरों से न्यूमेरेशन फार्म भरकर बीएलओ को जमा नहीं हो जाते, तब तक कार्यकर्ता हर घर पर दस्तक देने का कार्य जारी रखें।
