बदायूं: छह दिन से लापता बालक का प्लाट में शव मिलने से मचा हड़कंप
उझानी, अमृत विचार। छह दिन से लापता बालक का शव एक प्लाट में पड़ा मिला। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। लापता होने के बाद परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। शनिवार को शव मिलने पर परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा के मोहल्ला नझियाई (चटईया) निवासी 8 साल का सुभान पुत्र अंबर 16 नवंबर को अचानक लापता हो गया था। राजमिस्त्री अंबर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि सुबह के समय सुभान घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था। जो रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। आशंका जताई कि कोई व्यक्ति उनके बेटे को बहला फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है। सुभान शाम तक घर नहीं लौटा है। आसपास और रिश्तेदारी में उसकी तलाश की लेकिन कहीं भी पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह सुभान का शव घर के पीछे प्लाट में पड़ा मिला। परिजनों में चीत्कार मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बालक प्लाट तक कैसे पहुंचा इसकी जांच की जा रही है। आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। उझानी के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि बालक की गुमशुदगी दर्ज थी। शनिवार को उसका शव मिला है। पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
