UP : सैफनी में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की, तमंचा लेकर चढ़ा रहा आरोपी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

सैफनी, अमृत विचार। शनिवार को सैफनी थाना क्षेत्र के गांव रायपुर के मझरा में खाना परोस रही पत्नी शीला को पति रामवीर ने सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी ने बेटे और पिता को भी गोली मारने की कोशिश की। वारदात को अंजाम देकर भागने लगा तो ग्रामीणों ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने हवाई फायर झोंक दिया। इसके बाद वह पास के ही गांव के एक घर की छत पर चढ़ गया और तमंचा दिखाकर पुलिस को ललकारता रहा। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

शनिवार सुबह 9 बजे बजे 35 वर्षीय शीला अपने तीन बच्चों को स्कूल भेजकर खाना बनाकर पति रामवीर पुत्र रामबहादुर को परोस रही थी। इस दौरान शीला की मां बसंती भी घर पर आई हुई थी। आरोप है कि इस दौरान रामवीर ने अचानक अपनी पत्नी शीला के सिर में तमंचे से सटाकर गोली मार दी। जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं ढेर हो गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया, इससे पहले कोई कुछ समझ पाता आरोपी पति बच्चों की जान लेने पर उतारू हो गया। 

मृतका शीला की मां बसंती ने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने बड़े बेटे ऋषि को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आरोपी के पिता रामबहादुर ने अपने पोते ऋषभ को उससे छीन लिया। इस बात से चिढ़े रामवीर ने अपने पिता को भी निशाना बनाया। लेकिन तब तक आसपास के लोग मौके की तरफ आने लगे यह देखकर आरोपी जंगल की तरफ भाग निकला। इस दौरान जब ग्रामीणों ने उसे पकड़ने को कोशिश की तो उसने तमंचे से फायर कर दिया। जिससे लोग पीछे हट गए।

इसके बाद हत्यारोपी कुछ देर बाद पास के ही लोधो वाला मझरा गांव के एक घर की छत पर चढ़ गया। मौके पर पहुंचे एएसपी अनुराग सिंह व सीओ हर्षिता सिंह के अलावा प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ आरोपी को छत से नीचे उतरने को समझाते रहे, लेकिन आरोपी छत से तमंचा दिखाकर ललकारता रहा। पुलिस ने मृतक शीला के शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। एसपी विद्या सागर मिश्र ने बताया कि पत्नी की हत्या कर आरोपी पति छत पर चढ़ गया, कई घंटे तक मशक्कत के बाद हत्यारोपी रामवीर सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। पत्नी से विवाद के चलते घटना हुई है। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

मां के सामने ही बेटी की हत्या से मची सनसनी
मृतका शीला की मां बसंती ने बताया कि वह अपनी बेटी की ससुराल आई थी।3 दिन से यहीं रह रही थी। करीब 13 से 14 साल पहले शीला की रामवीर से लव मैरिज हुई थी। इनके पास एक बड़ी बेटी आरुषि है।दो बेटे ऋषि और शिवकांत हैं। शनिवार की सुबह अचानक उनके हत्यारोपी दामाद ने उनकी मौजूदगी में ही बेटी की गोली मारकर हत्याकर दी।बेटी की मौत से बसंती का रो रोकर बुरा हाल है।

रामवीर ने की थी लव मैरिज
हत्या की खबर सुनकर अपनी ससुराल से आई हत्यारोपी की बहन सीता ने बताया कि रामवीर ने अपनी पसंद की लड़की शीला से लव मैरिज की थी। दोनों खुश रहते थे। दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ की रामवीर ने अपनी पसंद की पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

मां को याद कर बिलख पड़े बच्चे
मां को लहूलुहान देखने वाले बच्चों के चेहरे पर खौफ छाया हुआ है। उस मंजर को याद कर बच्चों की चीख निकल रही है। मां की मौत के बाद बच्चे दहशत में आ गए,शीला की अचानक हुई मौत के बाद उसके तीन मासूम बच्चे बेटी आरुषि (10) ऋषि (9) और 6 वर्ष के शिवकांत बार-बार अपनी मां को याद करके बिलख-बिलखकर रो रहे हैं। ऐसे हालातों में उन बच्चों के सिर से मां का साया तो हटा ही साथ हत्यारोपी पिता के जेल जाने से उसका साया भी हट गया है। बच्चों को बिलखता देख लोगों का कलेजा भी मुंह को आने लगा।

बहन अनोखी के कहने पर आरोपी ने किया सरेंडर
हत्या के बाद मकान की छत पर चढ़े हत्यारोपी रामवीर को एएसपी अनुराग सिंह सीओ हर्षिता सिंह व थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा के साथ पुलिस बल 7 घंटे तक उतारने की कोशिश करते रहे। लेकिन तमंचा दिखाकर ललकारता रहा। घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हत्यारोपी की बहन अनोखी ने आकर उसे समझाया तो उसने छत से नीचे उतरकर सरेंडर कर दिया।

संबंधित समाचार