बाराबंकी में रफ्तार का कहर: ट्रक ने बाइक सवार पूर्व प्रधान को रौंदा, आक्रोश
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। घर से बाजार जा रहे बाइक सवार पूर्व प्रधान को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। आक्रोश देख सर्किल के सभी थानों की फोर्स को मौके पर बुलाया गया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटघरा निवासी पूर्व प्रधान अनिल वर्मा शुक्रवार देर रात घर से फतेहपुर तक बाइक से आ रहे थे। फतेहपुर भगौली मार्ग पर एक मैरिज लॉन के पास सामने से आ रही ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, अनिल ट्रक के पहिए के नीचे आ गए और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ एकत्रित हो गई।
लोगों का आक्रोश देख मौके पर कुर्सी, बड्डूपुर, घुंघटेर, मोहम्मदपुर खाला की पुलिस फोर्स बुलाई गई, वहीं एडिशनल एसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों व परिजनों को शांत कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव जब गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया।
इस बीच सीओ जगतराम कनौजिया पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। मृतक अनिल कुमार वर्मा के दो पुत्रों में बड़ा पुत्र सोनल वर्मा लखनऊ में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा वहीं छोटा पुत्र अंश वर्मा गाजियाबाद में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। मृतक खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। कोतवाल संजीत सोनकर ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
बेकाबू होकर पलटे तीन वाहन, सब सुरक्षित
शनिवार की सुबह हैदरगढ़-बाराबंकी राजमार्ग पर सड़क किनारे ग्रामीणों द्वारा डाले जा रहे गोबर के ढेर की फिसलन से तीन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए। ग्रामीणों के अनुसार सिंघाड़ा लदी पिकअप में सवार कुछ लोग आंशिक रूप से घायल हो गए। वहीं डीसीएम, ट्रैक्टर और पिकअप के चालक सुरक्षित बताए गए हैं। हादसे के बाद सड़क पर बिखरी ईंटों और अन्य सामान के कारण मार्ग बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व पुलिस ने सड़क से ईंट हटाई और वाहनों को किनारे कराया। जिसके बाद मार्ग चालू किया जा सका। स्थानीय लोगों ने सड़क पर गोबर फैलाने से रोके जाने की मांग की है।
गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से मासूम मरा, दो जख्मी
टिकैतनगर: शनिवार को गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली के अनियंत्रित होकर पलटने से नीचे दबकर सात साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो लोगों को घायल अवस्था में इलाज के लिए भेजा गया। हादसे की खबर लगते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में ले ली।
जानकारी के अनुसार टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम टिकवामऊ स्थित मदरसा में आमिर (15) पुत्र आजम निवासी ग्राम खेतासरांय, कैफ (13) पुत्र अहद निवासी ग्राम अलियाबाद व अरहम (7) पुत्र हजरत निवासी ग्राम टिकवामऊ पढ़ते हैं। शनिवार को तीनों छात्र मदरसे में आए लेकिन दोपहर में तीनों बाइक से बारिनबाग चौराहे को निकल गए। इसी दौरान उधर गुजर रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई और चपेट में आकर किशोर व बालक घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने गन्ने के नीचे दबे तीनों घायलों को निकाल कर स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने मासूम अरहम को मृत घोषित कर दिया, अन्य घायलों का उपचार शुरु किया गया। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वाहन कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी जगदीश शुक्ल ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली का चालक पकड़ लिया गया है।
