मार्को येनसन ने रचा इतिहास, एबी डिविलियर्स के खास रिकॉर्ड की बराबरी की

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गुवाहाटी: गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे दूसरे टेस्ट मैच में मेहमान टीम ने पहली पारी में 489 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। साउथ अफ्रीका की इस बड़ी कुल योग तक पहुँचने में निचले क्रम के दो बल्लेबाजों सेनुरन मुथुसामी और मार्को येनसन ने अहम भूमिका निभाई।

मुथुसामी ने 206 गेंदों की अपनी पारी में 10 चौके और 2 छक्के लगाते हुए टेस्ट करियर का पहला शतक (109 रन) पूरा किया। वहीं तेज गेंदबाज मार्को येनसन ने महज 91 गेंदों में 93 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और गजब के 7 छक्के ठोके। यही 7 छक्के उन्हें साउथ अफ्रीकी क्रिकेट के इतिहास में खास जगह दिला गए।

मार्को येनसन अब टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में साउथ अफ्रीका की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के (7) लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ दो दिग्गज ही कर पाए थे:

- एबी डिविलियर्स – 7 छक्के (बनाम ऑस्ट्रेलिया, केपटाउन 2009)
- क्विंटन डी कॉक – 7 छक्के (बनाम वेस्टइंडीज, ग्रोस आइलेट 2021)
- मार्को येनसन – 7 छक्के (बनाम भारत, गुवाहाटी 2025)

निचला क्रम बना भारत के लिए सिरदर्द

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने शानदार शुरुआत की। सलामी जोड़ी एडेन मार्करम और रयान रिकेल्टन ने 82 रनों की साझेदारी निभाई। लंच से ठीक पहले मार्करम आउट हुए और ब्रेक के बाद रिकेल्टन (35) भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स और कप्तान टेंबा बावुमा ने तीसरे विकेट के लिए 84 रनों की उपयोगी साझेदारी की।

पहले दिन के आखिरी सत्र में भारत ने जोरदार वापसी की और बावुमा (41) समेत चार विकेट चटकाए। लेकिन इसके बाद सातवें नंबर पर उतरे सेनुरन मुथुसामी ने पहले काइल वेरेन (45) के साथ 88 रन और फिर मार्को येनसन के साथ आठवें विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी कर टीम को 400 के पार पहुंचाया। ये दोनों पार्टनरशिप भारतीय गेंदबाजों पर पूरी तरह भारी पड़ीं।

गेंदबाजी में कुलदीप यादव सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 विकेट हासिल किए। रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को दो-दो विकेट मिले, लेकिन कुल मिलाकर भारतीय अटैक मेहमान टीम के निचले क्रम के सामने बेबस नजर आया।

मार्को येनसन की यह विस्फोटक पारी न सिर्फ उनकी बल्लेबाजी क्षमता का प्रमाण है, बल्कि साउथ अफ्रीका को इस टेस्ट में मजबूत स्थिति में भी पहुंचा चुकी है।

संबंधित समाचार