Bareilly: सीजन का पहला घना कोहरा...सड़क पर दृश्यता पहुंची शून्य
बरेली, अमृत विचार। सर्दी के सीजन में जिले में रविवार को पहली बार घना कोहरा छाया। इसकी वजह से दृश्यता शून्य मीटर तक जा पहुंची और तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को भी घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
नवंबर के आखरी दिनों में ठंड ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार देर रात से ही घना कोहरा छाने लगा और कम दिखाई देने लगा, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमने लगी। रविवार सुबह तक कोहरा और घना हो गया। शहर में तो सुबह 8 बजे तक कोहरा छट गया और धूप निकल आई लेकिन देहात क्षेत्र में नौ बजे के बाद कोहरा छटा। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश और देश में बरेली में इंडियन एयरफोर्स के पास रविवार को दृश्यता शून्य मीटर रिकॉर्ड की गई।
प्रदेश में इसके बाद मुरादाबाद में दृश्यता 50 और कानपुर में 100 मीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम 10.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इस दौरान आर्द्रता 97 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री और लुढ़कने के आसार हैं और सोमवार को भी घना कोहरा छाया रहेगा।
