Bareilly: धार्मिक स्थल की आड़ में बना लिए आवास, अफसरों ने किया सर्वे
बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास रोड पर रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के पास एक धार्मिक स्थल का विस्तार करने के साथ आवास बना लिए गए। इसकी सूचना पर रविवार दोपहर पुलिस प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्वे किया। अफसरों ने धार्मिक स्थल के अंदर जाकर जायजा लिया तो स्थल के अंदर आवास बने मिले, जिसमें तीन परिवार निवास कर रहे हैं। आवासों में एसी समेत अन्य घरेलू सुविधाएं भी मिलीं।
नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के साथ एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव धार्मिक स्थल पर नक्शा लेकर पहुंचे। अफसरों ने काफी देर तक नक्शा और धार्मिक स्थल की लंबाई-चौड़ाई की स्थिति समझीं। टीम ने सरकारी दस्तावेजों के आधार पर स्थल की पैमाइश भी की। इसके साथ धार्मिक स्थल के अंदर निवास करने वाले युवक से पूछताछ की, करीब आधे घंटे तक चले इस सर्वे के बाद टीम यहां से चली गई। इस धार्मिक स्थल को लेकर काफी समय पहले भी पुलिस प्रशासन ने सर्वे किया था। एक बार टीम पूरी तैयारी से पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे।
