मेरा शहर मेरी प्रेरणा : पाटनी ने पायलट बनना चाहा था मगर मॉडलिंग के शौक ने बदल दी दिशा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रियंका चोपड़ा के बाद दिशा पाटनी दूसरी शख्सियत हैं जिन्होंने बरेली से बॉलीवुड तक का सफर किया है और एक कामयाब अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान बनाई। बरेली में ही 13 जून 1992 को जन्मी दिशा पाटनी के पिता जगदीश सिंह पाटनी पुलिस के अफसर थे जो अब रिटायर हो चुके हैं। 

उनका परिवार अब भी शहर के चौपुला चौराहे के पास रहता है। दिशा ने यहां बीबीएल स्कूल में शुरुआती पढ़ाई की जिसके बाद लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की। बड़ी बहन खुशबू जो सेना में मेजर रही हैं, उन्हीं की तरह बचपन में दिशा का भी सपना वायु सेना का पायलट बनने का था, लेकिन कॉलेज में पढ़ाई के दौरान ही उन्हें मॉडलिंग करने का शौक लगा, 2013 में की गई मॉडलिंग की शुरुआत उन्हें फिल्मों में अभिनय की ओर ले गई। दिशा ने 2015 में तेलुगु फिल्म ‘लोफर’ से अभिनय की शुरुआत की, इसमें वे वरुण तेज के साथ नजर आई थीं।

फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ ने दिशा को बॉलीवुड में किया स्थापित
तेलगू फिल्म ‘लोफर’ से शुरुआत करने के बाद अगले ही साल दिशा को 2016 में हिंदी फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ में काम करने का ऑफर मिला। इसमें उन्हें धोनी की प्रेमिका प्रियंका झा का किरदार निभाना था, सुपर हिट हुई फिल्म की इस भूमिका ने उन्हें बड़ी पहचान दी। बॉलीवुड में इस फिल्म से डेब्यू करने के बाद दिशा को एक के बाद एक कई फिल्मों में काम मिला। 2017 में ‘कुंग फू योगा’, 2018 में ‘बागी 2’, 2019 में ‘भारत’, ‘मलंग’ और ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ जैसी फिल्मों में उन्होंने काम किया जो हिट रहीं। दिशा ने अभिनय के साथ फिटनेस के लिए भी काफी पहचान बनाई। वह मॉडलिंग में भी बहुत सक्रिय रहीं और कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापन किए हैं। दिशा ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उन्होंने मुंबई में केवल 500 रुपये लेकर शुरुआत की और कड़ी मेहनत कर बॉलीवुड में पहचान बनाई। 

मॉडलिंग के लिए छोड़ दी इंजीनियरिंग की पढ़ाई 
दिशा ने मॉडलिंग उस वक्त शुरू की थी जब वे लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं। पढ़ाई के दौरान उन्हें मॉडलिंग के लिए लगातार अवसर मिलने शुरू हुए तो उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी और मुंबई चली गईं ताकि मॉडलिंग के करियर में खुद को अच्छी तरह स्थापित कर सकें। दिशा के अनुसार, स्कूल के दिनों में उन्हें अपने लुक्स पर ज्यादा ध्यान नहीं था, लेकिन बाद में उन्होंने खुद को डेवलप करना शुरू किया। पिता जगदीश सिंह पाटनी और बहन खुशबू पाटनी ने उनका भरपूर साथ दिया। 2013 में ही दिशा ने ‘पॉन्ड्स फेमिना मिस इंडिया’ प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर पहली रनरअप का खिताब जीता, इसी के बाद उनका मॉडलिंग और अभिनय का सफर शुरू हुआ।

संबंधित समाचार